अजगैबीनाथ धाम से जल लेकर बाबाधाम जा रही महिला कांवड़िया की मौत, रास्ते में बिगड़ी थी तबीयत
कटोरिया (बांका) में अजगैबीनाथ धाम से बाबाधाम जा रही गयाजी जिले की एक महिला कांवड़िया चमेली देवी की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। ...और पढ़ें

कांवड़िया की मौत के बाद शोक मनाते लोग। (जागरण)
HighLights
अजगैबीनाथ धाम से बाबाधाम जा रही थी महिला कांवड़िया।
तबीयत बिगड़ने पर कटोरिया अस्पताल में हुई मौत।
मृतका गयाजी जिले की चमेली देवी के रूप में पहचान।
संवाद सूत्र, कटोरिया (बांका)। अजगैबीनाथ धाम से गंगाजल लेकर बाबाधाम जा रही एक महिला कांवड़िया की शनिवार शाम तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई।
शव की पहचान गयाजी जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के नीमादोहर गांव निवासी अजय यादव की पत्नी चमेली देवी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार चमेली देवी अपनी गोतनी बसंती देवी समेत करीब 200 श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ अजगैबीनाथ धाम से जल लेकर बाबाधाम के लिए निकली थी।
जल उठाने के बाद बिगड़ी तबीयत
जत्थे के कुछ सदस्य पैदल तो कुछ वाहन से यात्रा कर रहे थे। शनिवार सुबह जल उठाने के कुछ देर बाद ही चमेली देवी की तबीयत बिगड़ गई।
जिसके बाद उन्हें वाहन से ले जाया जाने लगा। रास्ते में असरगंज, तारापुर और बेलहर के अस्पतालों में उनका उपचार कराया गया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ।
इसके बाद सूइया के घुठिया स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र में प्रतिनियुक्त चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया।
यहां के प्रभारी चिकित्सा डॉ. बिनोद कुमार एवं उनकी टीम ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के पति समेत अन्य स्वजन अस्पताल पहुंच गया। महिला की मौत से स्वजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में श्रद्धालुओं और स्वजनों की भीड़ जुटी रही।