CM सम्राट के मंत्री की अफसरों को चेतावनी, बांका में बोले- 30 दिन में दूर करें समस्याएं; वरना एक्शन लेंगे
बांका के बाराहाट में राजस्व सहयोग शिविर में मंत्री दिलीप जायसवाल ने अधिकारियों को 30 दिन में समस्याओं का समाधान न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्ह ...और पढ़ें

बांका जिले के बाराहाट में आयोजित शिविर के दौरान संबोधित करते राजस्व मंत्री दिलीप जायसवाल। फोटो- जागरण
HighLights
मंत्री ने बांका राजस्व शिविर में अधिकारियों को चेताया।
30 दिन में जनसमस्याएं सुलझाएं, अन्यथा होगी कार्रवाई।
सरकार का लक्ष्य पंचायत स्तर पर त्वरित समस्या समाधान।
संवाद सूत्र, बाराहाट (बांका)। Bihar News: बिहार में बांका जिले के बाराहाट प्रखंड अंतर्गत भेड़मोड़ खेल मैदान में सोमवार को राजस्व सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। यहां राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने अफसरों को 30 दिन में समस्याओं का समाधान नहीं करने पर एक्शन लेने की चेतावनी दी।
मंत्री ने कहा कि पंचायतों में लगाए जा रहे इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निष्पादन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिले में यह तीसरा राजस्व सहयोग शिविर है और अगले दो से तीन माह के भीतर पंचायत स्तर पर लंबित विभिन्न समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
जीवन में समस्याएं होना स्वाभाविक: जायसवाल
उन्होंने कहा कि जीवन में समस्याएं होना स्वाभाविक है, लेकिन उनका समय पर समाधान होना आवश्यक है। सरकार का लक्ष्य है कि पंचायत स्तर पर प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए।
उन्होंने कहा कि आम लोगों को अनुमंडल, जिला या प्रखंड कार्यालयों का बार-बार चक्कर न लगाना पड़े, इसके लिए सरकार गांव-गांव पहुंचकर शिविर आयोजित कर रही है।

राजस्व सहयोग शिविर में मंत्री दिलीप जायसवाल और अन्य।
30 दिन में सुलझाएं समस्याएं, वरना कारण बताएं
मंत्री ने कहा कि एक मजदूर या गरीब व्यक्ति जब अपनी समस्या के समाधान के लिए काम छोड़कर सरकारी कार्यालयों का चक्कर लगाता है तो उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
इसी को देखते हुए सरकार प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि अगले 30 दिनों के भीतर प्राप्त समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
यदि किसी मामले का निष्पादन संभव नहीं होगा तो संबंधित व्यक्ति को उसका कारण बताना अनिवार्य होगा। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता ही लोकतंत्र की असली मालिक है और जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों को यह एहसास होना चाहिए कि जनता से बढ़कर कुछ नहीं है।
उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विधायकों और सांसदों से जनता की सेवा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी अंचल कार्यालय में यदि कोई गरीब व्यक्ति अपनी समस्या लेकर पहुंचे तो उसे सम्मानपूर्वक बैठने के लिए कुर्सी दी जाए।
यदि किसी अधिकारी द्वारा ऐसा नहीं किया जाता है और शिकायत प्राप्त होती है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अब हर व्यक्ति को सम्मान और अधिकार के साथ उसकी समस्या का समाधान मिलेगा, चाहे वह गरीब हो या संपन्न।
ये लोग रहे मौजूद
बता दें कि शिविर का विधिवत उद्घाटन बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल, भाजपा विधायक रामनारायण मंडल, कटोरिया विधायक पूरनलाल टुडू, जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला, एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा एवं डीडीसी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
खबरें और भी
इस अवसर पर मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक बिना किसी परेशानी के पहुंचे, इसके लिए पंचायत स्तर पर राजस्व सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। मौके पर जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के कर्मी उपस्थित थे।
शिविर में मुख्य रूप से एसडीओ बांका राजकुमार सीडीपीओ इंद्रजीत बैठा, बीडीओ गोपाल कुमार गुप्ता, सीओ विकास कुमार, अनुपम गर्ग, भाजपा के जिला अध्यक्ष बृजेश मिश्रा, राघवेंद्र झा, सुभाष साह, राजीव लोचन मिश्रा,सौरभ सुमन सहित विभिन्न लोग मौजूद थे।
यह भी पढ़ें- '1 महीने की सैलरी में 6 महीने निकालें विधायक', तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए ये क्या बोल गए दिलीप जायसवाल
यह भी पढ़ें- दिलीप जायसवाल बोलेगा तो कहर ढहेगा...; बिहार के राजस्व मंत्री ने दी चेतावनी