Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    श्रावणी मेला 2026: बांका में 20 KM कांवड़िया पथ पर अब तक नहीं बिछी बालू, कीचड़ से पैदल चलना हुआ मुश्किल

    Updated: Tue, 21 Jul 2026 10:45 AM (IST)

    बांका में श्रावणी मेला शुरू होने से पहले 20 किलोमीटर कांवड़िया पथ पर बालू नहीं बिछाई गई है, जिससे कीचड़ के कारण श्रद्धालुओं को भारी परेशानी हो रही है। ...और पढ़ें

    20 KM कांवड़िया पथ पर अब तक नहीं बिछी बालू

    20 KM कांवड़िया पथ पर अब तक नहीं बिछी बालू

    HighLights

    1. 20 किलोमीटर कांवड़िया पथ पर बालू बिछाने का कार्य अधूरा।

    2. कीचड़ के कारण श्रद्धालुओं को चलने में हो रही परेशानी।

    3. डीएम ने 25 जुलाई तक सभी व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश दिया।

    संवाद सूत्र, चांदन (बांका)। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 30 जुलाई से शुरू होना है। मेले की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन लगातार समीक्षा कर रहा है। डीएम अंशुल अग्रवाल ने सभी संबंधित विभागों को 25 जुलाई तक कांवड़िया पथ पर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने का सख्त निर्देश दिया है। 

    इसके बावजूद बांका जिला के 54 किलोमीटर कांवड़िया पथ में कटोरिया और चांदन प्रखंड से गुजरने वाले करीब 20 किलोमीटर लंबे कांवरिया पथ पर अब तक बालू बिछाने का कार्य शुरू नहीं हो सका है। ऐसे में तय समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करना संबंधित विभाग के लिए चुनौती बन गया है।

    दुरबिनियां से गोड़ियारी नदी तक कांवरिया पथ पर बालू नहीं

    जागरण टीम ने जब इसकी जमीन हकीकत की पड़ताल सोमवार को किया तो दुरबिनियां से गोड़ियारी नदी तक कांवरिया पथ पर बालू नहीं बिछी मिली। यहां हल्की बारिश के बाद पूरा रास्ता कीचड़मय हो गया है। इससे अजगैबीनाथ धाम से गंगाजल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 

    कांवड़ियों को नंगे पैर चलना पड़ता है, पर कीचड़ के कारण उन्हें फिसलने और चोटिल होने का डर बना हुआ है।

    हजारों श्रद्धालु कांवड़ यात्रा पर निकल चुके

    बांग्ला पंचांग के अनुसार सावन मास शुरू होते ही पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न राज्यों के हजारों श्रद्धालु कांवड़ यात्रा पर निकल चुके हैं। कांवरियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, पर प्रशासनिक तैयारियां अब भी अधूरी नजर आ रही हैं। 

    खबरें और भी

    हरकट्टा मोड़, यादवरायडीह, गोड़ियारी, हरखार, असम धर्मशाला समेत दर्जनों स्थानों पर बारिश के कारण रास्ते में कीचड़ जमा हो गया है। कटोरिया के कलुआ जंगल के आगे कुछ दूर तक बालू नहीं बिछाया गया है। वैसे सड़क किनारे बालू डंप है।

    बालू का भंडारण कर लिया गया

    स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी तक बालू नहीं बिछाए जाने से प्रशासन की तैयारियों पर लोग अंगूली उठा रहे हैं। यदि जल्द बालू नहीं बिछाई गई तो कांवड़ियों की परेशानी और बढ़ जाएगी।

    इधर, पथ निर्माण विभाग का कहना है कि कांवड़िया पथ के किनारे बालू का भंडारण कर लिया गया है। निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे मार्ग पर बालू बिछाने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

    25 जुलाई तक श्रावणी मेला की सभी तैयारियां हर हाल में पूरी करने का निर्देश संबंधित विभागों को दिया गया है। कांवरिया पथ पर बालू बिछाने सहित सभी आवश्यक कार्य समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएंगे। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। - अंशुल अग्रवाल , डीएम,बांका

    यह भी पढ़ें- अब राह चलते होंगे बाबा बैद्यनाथ के लाइव दर्शन, बांका में कांवड़िया पथ पर 6 जगहों पर लगेगी LED स्क्रीन