Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बांका में कांवड़िया पथ पर उमड़ा भक्तों का सैलाब, वॉच टावर और पुलिस बल से रखी जा रही नजर

    Updated: Fri, 31 Jul 2026 09:56 AM (IST)

    बांका के बेलहर में विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले का विधिवत आगाज हो गया है, जहाँ कांवड़िया पथ पर शिवभक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है। ...और पढ़ें

    कांवड़िया पथ पर उमड़ा भक्तों का सैलाब

    कांवड़िया पथ पर उमड़ा भक्तों का सैलाब

    HighLights

    1. विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले का बांका में हुआ आगाज।

    2. कांवड़िया पथ पर शिवभक्तों का जनसैलाब, भक्तिमय हुआ माहौल।

    3. प्रशासन द्वारा सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए गए।

    संवाद सूत्र, बेलहर (बांका)। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले का गुरुवार को विधिवत आगाज हो गया। सावन की शुरुआत के साथ ही कांवड़िया पथ पर बोलबम और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। शिवभक्तों के गेरुआ वस्त्रों से कांवरिया पथ पूरी तरह गेरुआमय नजर आया। दोपहर बाद श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ी और शाम होते-होते पथ पर कांवड़ियों का जनसैलाब उमड़ पड़ा।

    वॉच टावर से लगातार हो रही निगरानी

    श्रावणी मेला को लेकर जिला प्रशासन की ओर से कांवरिया पथ पर व्यापक तैयारियां की गई है। मेला शुरू होते ही सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मी अपनी-अपनी ड्यूटी पर सक्रिय हो गए। जिला सीमा स्थित बदुआ नदी तट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है। 

    वॉच टावर से लगातार निगरानी की जा रही है, जबकि भ्रमणशील पुलिस दस्ता भी पूरे कांवरिया पथ पर गश्त कर रहा है। अस्थायी धौरी थाना भी पूरी तरह सक्रिय हो गया है।

    सूचना केंद्रों ने भी काम करना शुरू कर दिया 

    पर्यटन विभाग एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा स्थापित सूचना केंद्रों ने भी काम करना शुरू कर दिया है, जहां श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। पीएचईडी विभाग की ओर से बनाए गए शौचालय और स्नानागार श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खोल दिए गए हैं। 

    जोरीपार और शिवलोक में भी प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित होती दिखीं। जिलेबिया मोड़ स्थित उपनियंत्रण कक्ष ने भी कार्य शुरू कर दिया है।

    पहले दिन दिखी कम भीड़

    स्वास्थ्य विभाग का चिकित्सा शिविर भी चालू हो गया है, जहां श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सावन माह का पहला दिन होने के कारण गुरुवार दोपहर तक कांवड़िया पथ पर भीड़ अपेक्षाकृत कम रही, लेकिन तीन बजे के बाद श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ने लगी। दुकानों, सेवा शिविरों और विश्राम स्थलों पर कांवड़ियों की चहल-पहल बढ़ गई।

    खबरें और भी

    करीब 11 माह तक शांत रहने वाला कांवड़िया पथ एक बार फिर शिवभक्तों के जनसैलाब से गुलजार हो उठा है। अगले एक माह तक इसी तरह लाखों कांवड़ियों के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहेगा।

    यह भी पढ़ें- कांवड़िया पथ पर अश्लील डांस के लिए बंगाल-नेपाल से लाई जा रहीं डांसर; बांका में सिंडिकेट एक्टिव