बेगूसराय में दिव्यांग नाबालिग से गैंगरेप, दो गिरफ्तार; थाने पहुंचे ग्रामीण
बेगूसराय के रतनपुर में एक नाबालिग दिव्यांग किशोरी से कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने परिजनों की ...और पढ़ें

शिकायत के बाद पुलिस की कार्रवाई
HighLights
बेगूसराय में नाबालिग दिव्यांग किशोरी से कथित दुष्कर्म का मामला।
पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत दो आरोपी किए गिरफ्तार।
घटना के बाद ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर किया विरोध प्रदर्शन।
जागरण संवाददाता, बेगूसराय। बेगूसराय के रतनपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। आरोप है कि दो व्यक्तियों ने किशोरी को बहला-फुसलाकर खेत के पास स्थित एक सूने मकान में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
मां से पहले घर पहुंची थी किशोरी
जानकारी के मुताबिक, किशोरी रविवार को अपनी मां के साथ बाजार गई थी। लौटते समय वह मां से पहले घर पहुंच गई। आरोप है कि इसी दौरान दोनों आरोपित उसे अपने साथ सूने मकान में ले गए।
कुछ देर बाद घर पहुंची मां ने किशोरी को गायब पाया तो उसकी तलाश शुरू की। इसी बीच स्थानीय बच्चों से घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद मोहल्ले में आक्रोश फैल गया।
थाने पहुंचे लोग, सख्त कार्रवाई की मांग
घटना से नाराज बड़ी संख्या में स्थानीय लोग रतनपुर थाने पहुंचे और आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। कुछ लोगों ने आरोपितों को फांसी देने की मांग भी उठाई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सदर डीएसपी प्रशांत कुमार ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
पुलिस के अनुसार, एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और संबंधित मकान को सील कर दिया गया है। पीड़िता की चिकित्सीय जांच भी कराई गई है। मां के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जांच के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।