बेगूसराय: 'पति ने बंद कर दिया था घर खर्च...', पारिवारिक कलह से तंग आकर मां ने 5 साल की बेटी संग खाया जहर
बेगूसराय के बखरी में पारिवारिक कलह से तंग आकर एक मां ने अपनी पांच वर्षीय बेटी के साथ जहर खाकर ...और पढ़ें

बेगूसराय में पारिवारिक विवाद के चलते मां-बेटी ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट बरामद
HighLights
बखरी में मां और बेटी ने जहर खाकर जान दी।
पारिवारिक कलह और पति से विवाद मुख्य कारण।
पुलिस को सुसाइड नोट मिला, मामले की जांच जारी है।
संवाद सहयोगी, बखरी (बेगूसराय)। बखरी थाना क्षेत्र के सुग्गा गांव में पारिवारिक कलह से तंग आकर एक मां ने अपनी पुत्री के साथ जहर खाकर जान दे दी। घटना बुधवार रात की है। मृतकों की पहचान गांव के रंजीत राय की 25 वर्षीय पत्नी अनामिका कुमारी और उसकी पांच वर्षीय पुत्री पीहू के रूप में हुई है।
मायके वालों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस घटना के सभी बिंदुओं पर गहराई से जांच कर रही है।
घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद होने की बात कही जा रही है, जिसमें पति द्वारा बीते चार-पांच महीने से घर खर्च नहीं देने का जिक्र है। हालांकि, थानाध्यक्ष अरविंद कुमार यादव ने इस संबंध में बताया कि उन्हें वह सुसाइड नोट मृतका के मायके वालों से प्राप्त हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है।
थानाध्यक्ष ने प्रथम दृष्टया इस घटना को आत्महत्या बताया है। ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2019 में रंजीत की शादी मुंगेर के झौआ बहियार निवासी अनामिका से हुई थी। रंजीत और उसके माता-पिता, सभी अलग-अलग परदेस में रहते हैं। महिला अपनी पुत्री के साथ घर पर अकेली रहती थी।
इधर, पिछले चार-पांच महीने से पति ने महिला को घर खर्च देना बंद कर दिया था, जिससे वह काफी परेशान रहती थी। बीती शाम मोबाइल पर पति से बात करने के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी आक्रोश में महिला ने बेटी को जहर खिलाने के बाद खुद भी जहर खा लिया।
पत्नी द्वारा फोन न उठाए जाने पर पति ने गांव वालों को फोन कर घर जाकर देखने को कहा। जब लोग उसके घर गए, तो दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद लोगों ने खिड़की की ईंट हटाकर देखा, तो मां-बेटी बेसुध पड़ी थीं। जब लोग घर के अंदर पहुंचे तो बेटी की मौत हो चुकी थी, जबकि महिला की सांसें चल रही थीं।
ग्रामीणों ने महिला के मायके वालों को इसकी सूचना दी और उसे एक स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां देर रात इलाज के दौरान महिला ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों को मायके वालों को सौंप दिया है, जिन्हें वे अपने साथ मुंगेर लेकर चले गए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।