Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बेगूसराय प्रधान डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप, पुलिस ने खाली कराया भवन

    Updated: Mon, 20 Jul 2026 05:45 PM (GMT+05:30)

    बेगूसराय प्रधान डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया, जिसके बाद भवन को खाली कराकर सघन तलाशी ली गई। ...और पढ़ें

    बेगूसराय प्रधान डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप, पुलिस ने खाली कराया भवन

    बेगूसराय प्रधान डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप, पुलिस ने खाली कराया भवन

    HighLights

    1. प्रधान डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप।

    2. पुलिस ने भवन खाली कराकर सघन तलाशी अभियान चलाया।

    3. धमकी भरा ईमेल पुराना और कई जगह फॉरवर्डेड था।

    जागरण संवाददाता, बेगूसराय। नगर थाना क्षेत्र स्थित प्रधान डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सोमवार को पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। डाकघर के आधिकारिक ई-मेल पर धमकी भरा संदेश मिलने के बाद एहतियातन तीन मंजिला भवन को तत्काल खाली करा दिया गया।

    सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता, डाग स्क्वायड, नगर थाना और साइबर थाना की टीम मौके पर पहुंची तथा पूरे परिसर की सघन जांच शुरू कर दी।

    प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर मुकेश कुमार ने बताया कि डिविजनल कार्यालय की आधिकारिक ई-मेल पर प्रधान डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी वाला संदेश सोमवार सुबह मिला। इसमें पैगंबर पर कथित टिप्पणी का हवाला देते हुए प्रधान डाकघर को बम से उड़ाने की बात लिखी गई थी।

    सूचना मिलते ही कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर पूरे भवन को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। इसके बाद बम निरोधक दस्ता और डाग स्क्वायड ने भवन के सभी कमरों, रिकार्ड रूम, गलियारों, कूड़ेदानों और अन्य स्थानों की बारीकी से तलाशी ली।

    साथ ही पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। मौके पर पहुंचे साइबर डीएसपी इमरान अहमद ने ई-मेल की तकनीकी जांच की।

    उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि यह ई-मेल विशेष रूप से बेगूसराय के लिए नहीं भेजा गया था। यह 15 जुलाई का एक पुराना ई-मेल है, जो पहले रीजनल पोस्ट ऑफिस (आरपीओ), पटना को प्राप्त हुआ था। वहां से इसे विभिन्न डाक कार्यालयों, पुलिस कार्यालयों और अन्य सरकारी संस्थानों को अग्रेषित किया गया, जिसके बाद यह बेगूसराय प्रधान डाकघर तक पहुंचा।

    खबरें और भी

    साइबर डीएसपी ने कहा कि ई-मेल फॉरवर्डेड होने के बावजूद सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया गया। एहतियात के तौर पर पूरे परिसर को खाली कराकर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड से जांच कराई गई। साथ ही ई-मेल के स्रोत और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच जारी है।

    समाचार लिखे जाने तक किसी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल प्रधान डाकघर परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

    गौरतलब है कि इससे पूर्व दो बार बेगूसराय समेत जिले के सभी अनुमंडल कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी।

    यह भी पढ़ें- पटना में पासपोर्ट ऑफिस को RDX से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट; परिसर खाली कराया