बेगूसराय के मंझौल में सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से 2 युवकों की मौत, 1 गंभीर
बेगूसराय के मंझौल में शादी समारोह से लौट रहे तीन मोटरसाइकिल सवार युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई ...और पढ़ें

मृतकों के घरों में पसरा मातम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, मंझौल (बेगूसराय)। सोमवार की सुबह शादी समारोह से मंझौल अपने घर वापस लौट रहे तीन मोटरसाइकिल सवार युवकों की अज्ञात वाहन से टक्कर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के वनद्वार के समीप हो गई। इस हादसे में घटनास्थल पर ही दो युवकों की मौत हो गई। वहीं, एक बुरी तरह जख्मी हो गया।
जख्मी की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। मृतक की पहचान मंझौल पंचायत-03 के वार्ड 11 निवासी धर्मेंद्र सहनी के 18 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार उर्फ सन्नी कुमार और मंझौल पंचायत-03 की पूर्व मुखिया नीलम देवी एवं सुबोध चौधरी के लगभग 25 वर्षीय पुत्र अमन कुमार उर्फ करूआ के रूप में हुई है।
वहीं, हादसे में मंझौल पंचायत-03 के वार्ड 14 निवासी मुकेश साह का अठारह वर्षीय पुत्र गौरव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल मंझौल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेगूसराय रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया। दोनों मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोग पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।