पति की मौत के बाद पत्नी हुई सड़क दुर्घटना का शिकार, बेगूसराय में एक पखवाड़े में उठीं दो अर्थियां
वीरपुर के गारा गांव में एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जहां पति-पत्नी दोनों की मौत महज एक पखवाड़े के भीतर हो गई। पति की बीमारी से मौत के बाद ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
पति रोशन पासवान की बीमारी से हुई मौत।
पत्नी मंजू देवी की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत।
एक पखवाड़े में पति-पत्नी दोनों की मौत से परिवार तबाह।
संवाद सूत्र, वीरपुर (बेगूसराय)। वीरपुर थाना क्षेत्र की नौला पंचायत के गारा गांव में एक दर्दनाक घटनाक्रम ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। महज एक पखवाड़े के भीतर पति-पत्नी दोनों की मौत हो जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पति की बीमारी से मौत के बाद अभी श्राद्ध कर्म की रस्में पूरी भी नहीं हुई थीं कि पत्नी की सड़क दुर्घटना में जान चली गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।
जानकारी के अनुसार, गारा गांव वार्ड संख्या-दो निवासी 55 वर्षीय रोशन पासवान लंबे समय से किडनी की बीमारी से पीड़ित थे। बीमारी के कारण 17 जुलाई को उनका निधन हो गया था। स्वजन इस गहरे सदमे से उबरने का प्रयास ही कर रहे थे कि दो दिन पहले उनका श्राद्ध कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इसी बीच शुक्रवार को उनकी पत्नी 50 वर्षीय मंजू देवी अपने दामाद के साथ बाइक से गारा गांव से सिमरिया जा रही थीं। भगवानपुर-संजात पथ पर लहरपुर-ताजपुर तीन बटिया के समीप किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मंजू देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
वह अपने पीछे दो विवाहित पुत्रियां नेहा भारती और नैना भारती को छोड़ गई हैं। माता-पिता दोनों के एक पखवाड़े के भीतर निधन से दोनों बेटियों सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
घर पर सांत्वना देने पहुंच रहे ग्रामीण भी इस मर्मांतक घटना से भावुक हो उठे। स्थानीय लोगों ने बताया कि इतने कम समय में एक ही परिवार के पति-पत्नी की मौत ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। ग्रामीणों ने इसे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है।