बेगूसराय में शादी समारोह के दौरान बवाल, बरातियों के हमले से दूल्हे का भाई गंभीर रूप से घायल
खोदावंदपुर के बरियारपुर पूर्वी गांव में एक शादी समारोह में मामूली कहासुनी के बाद सराती-बाराती भिड़ गए, जिसमें दूल्हे का भाई संजय कुमार गंभीर रूप से घा ...और पढ़ें

शादी समारोह में बवाल। फोटो जागरण
HighLights
खोदावंदपुर में शादी समारोह में सराती-बाराती में मारपीट हुई।
दूल्हे का भाई संजय कुमार गंभीर रूप से घायल हुआ।
घायल बीएसएफ जवान को बेगूसराय सदर अस्पताल रेफर किया गया।
संवाद सूत्र, खोदावंदपुर। थाना क्षेत्र के बरियारपुर पूर्वी गांव में रविवार रात एक शादी समारोह के दौरान मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। सरातियों और बारातियों के बीच हुई मारपीट में दूल्हे का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल की पहचान चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के बढ़कुरबा गांव निवासी अर्जुन महतो के 23 वर्षीय पुत्र संजय कुमार के रूप में हुई है। गंभीर हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खोदावंदपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय रेफर कर दिया।
छोटी सी बात पर हुई मारपीट
जानकारी के अनुसार, बरियारपुर पूर्वी पंचायत की पूर्व मुखिया शांति कुमारी एवं रंजीत कुमार उर्फ चुन-चुन की पुत्री अन्नू कुमारी की शादी रविवार रात आयोजित थी। बारात विक्रमपुर पंचायत के बढ़कुरबा गांव से आई थी।
इसी दौरान किसी बात को लेकर दूल्हे विजय कुमार के भाई संजय कुमार और कुछ सरातियों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
आरोप है कि दुल्हन पक्ष के कुछ लोगों एवं उनके साथियों ने संजय कुमार के साथ मारपीट की। इस दौरान बारात में शामिल एक वाहन का शीशा भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। विवाद से नाराज बारात पक्ष के लोग बिना भोजन किए ही वापस लौट गए। बताया जाता है कि घायल संजय कुमार सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का जवान है।
हर्ष फायरिंग का आरोप
सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों से पूछताछ की। स्थानीय लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि बारात दरवाजा लगने के दौरान कई राउंड हर्ष फायरिंग हुई।
हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस ने नहीं की है। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। दैनिक जागरण प्रसारित वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। पुलिस वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है।
खबरें और भी
खोदावंदपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना किसी भी पक्ष ने थाने को नहीं दी थी। मीडिया के माध्यम से जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। शादी जैसे मांगलिक आयोजन में हुई इस घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच में जुटी है।