Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार में पंचायत ने रेप पीड़िता को थूक चाटने के लिए किया मजबूर, पुलिस ने 4 लोगों को किया गिरफ्तार

    Updated: Mon, 03 Aug 2026 04:11 AM (IST)

    बलिया नगर परिषद में एक महिला से सरेआम थूक चटवाने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। ...और पढ़ें

    थूक चाटती हुई महिला। (सोशल मीडिया)

    थूक चाटती हुई महिला। (सोशल मीडिया)

    HighLights

    1. महिला से थूक चटवाने का वीडियो हुआ वायरल।

    2. पीड़िता के बयान पर पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी।

    3. मुख्य आरोपी संजय यादव सहित चार गिरफ्तार।

    संवाद सूत्र, बलिया (बेगूसराय)। बलिया नगर परिषद क्षेत्र में एक महिला से कथित तौर पर सरेआम थूक चटवाए जाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस-प्रशासन हरकत में आ गया है।

    पीड़िता के बयान पर बलिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि, दैनिक जागरण प्रसारित वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

    पीड़ित महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि दो माह पूर्व 2 एवं 4 जून को मोहल्ले के एक पड़ोसी युवक ने उसके घर में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

    महिला का कहना है कि घटना के दौरान आरोपित खिड़की के रास्ते भागने का प्रयास कर रहा था, तभी ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद कथित रूप से महिला को पंचायत में सार्वजनिक रूप से थूक चटवाकर अपमानित किया गया।

    महिला ने बताया कि उसका पति बाहर मजदूरी करता है। घर में अकेली होने के कारण वह तत्काल विरोध या शिकायत दर्ज कराने का साहस नहीं जुटा सकी। पति के घर लौटने के बाद उसने थाना पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।

    मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी सुबोध कुमार एवं थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू की।

    बेगूसराय मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि प्रसारित वीडियो की सत्यता का सत्यापन किया जा रहा है। पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

    थूक चटवाने मामले के आरोपित सहित चार गिरफ्तार

    बलिया थाना की पुलिस ने विभिन्न मामलों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इनमें जानीपुर नवटोलिया में महिला को थूक चटवाने की घटना के आरोपित संजय यादव भी शामिल हैं।

    थाना अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़िता के बयान और प्रसारित वीडियो की जांच के बाद उसे गिरफ्तार किया गया।

    इसके अलावा कुर्की-जब्ती मामले के वारंटी राजकुमार दास, हत्या के प्रयास के आरोपित कृष्ण कुमार तथा नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के आरोपित नवराज कुमार उर्फ नीरज उर्फ छोटू को भी गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों से पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- मगरमच्छ को कंधे पर लादकर थाने पहुंचा सुपौल का युवक, पुलिस भी देखकर रह गई दंग