विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मगरमच्छ को कंधे पर लादकर थाने पहुंचा सुपौल का युवक, पुलिस भी देखकर रह गई दंग

Published: Sun, 02 Aug 2026 05:30 AM (GMT+05:30)Updated: Sun, 02 Aug 2026 06:59 AM (GMT+05:30)

बिहार के सुपौल जिले में एक धान के खेत में विशालकाय मगरमच्छ मिला, जिसे स्थानीय युवकों ने साहस दिखाते हुए कंधे पर उठाकर थाने पहुंचाया।

HighLights

  1. सुपौल के धान खेत में विशाल मगरमच्छ मिला।

  2. युवकों ने मगरमच्छ को कंधे पर उठाकर थाने पहुंचाया।

  3. वन विभाग ने कोसी नदी में मगरमच्छ को छोड़ा।

डिजिटल डेस्क, सुपौल। बिहार के सुपौल जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां भीमनगर थाना क्षेत्र के लालपुर (वार्ड संख्या 14) स्थित धान के एक खेत में विशालकाय जिंदा मगरमच्छ मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।

खेत में काम कर रहे किसानों ने जब इस खतरनाक जलीय जीव को देखा, तो वहां अफरातफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।

वन विभाग को तुरंत इसकी जानकारी दी गई, लेकिन टीम के पहुंचने में हो रही देरी को देखते हुए स्थानीय युवकों ने अद्भुत साहस का परिचय दिया। युवकों ने सूझबूझ से मगरमच्छ के मुंह को रस्सी से बांधा और उसे अपने कंधे पर उठाकर सीधे भीमनगर थाने ले पहुंचे।

कंधे पर मगरमच्छ ले जाते युवकों का यह नजारा देखकर हर कोई हैरान रह गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वन विभाग ने कोसी नदी में छोड़ा

थाने में मगरमच्छ लाए जाने के बाद थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने तुरंत वन विभाग को सूचित किया। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को अपने संरक्षण में लिया और उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया। स्वास्थ्य जांच में पूरी तरह ठीक पाए जाने के बाद मगरमच्छ को उसके प्राकृतिक आवास कोसी नदी में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

वन विभाग के फॉरेस्टर रवि रंजन ने जानकारी देते हुए बताया कि रेस्क्यू किया गया मगरमच्छ लगभग 5 फीट से अधिक लंबा था और पूरी तरह स्वस्थ था।

मानसून के दौरान नदियों के बढ़ते जलस्तर और नहरों के जुड़ाव के कारण ऐसे जलीय जीव अक्सर भटककर रिहायशी इलाकों या खेतों में आ जाते हैं।

उन्होंने आगे अपील की कि ऐसी स्थिति में ग्रामीण खुद जोखिम उठाने के बजाय तुरंत प्रशासन या वन विभाग को सूचित करें।

यह भी पढ़ें- पत्नी का जन्मदिन सड़क पर मनाना पड़ा भारी, वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने काटा 6500 रुपए का चालान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।