पत्नी का जन्मदिन सड़क पर मनाना पड़ा भारी, वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने काटा 6500 रुपए का चालान
लुधियाना में एक युवक को पत्नी का जन्मदिन सड़क और फ्लाईओवर पर पटाखे चलाकर मनाना महंगा पड़ा। वीडियो वायरल होने के बाद यातायात पुलिस ने ₹6,500 का चालान काट दिया।

चालान काटते हुए पुलिस।
HighLights
लुधियाना में सड़क पर जन्मदिन मनाने पर युवक पर कार्रवाई।
पत्नी के जन्मदिन पर पटाखे चलाने का वीडियो हुआ वायरल।
यातायात पुलिस ने ₹6,500 का चालान काटा, दी चेतावनी।
संवाद सहयोगी, लुधियाना। लुधियाना में पत्नी का जन्मदिन सार्वजनिक सड़क और फ्लाईओवर पर पटाखे चलाकर मनाना एक युवक को महंगा पड़ गया। व्यस्त यातायात के बीच पटाखेबाजी का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए युवक का 6,500 रुपये का चालान काट दिया। साथ ही भविष्य में इस तरह की हरकत दोबारा न करने की कड़ी चेतावनी भी दी गई।
जानकारी के अनुसार युवक ने पहले साउथ सिटी क्षेत्र और उसके बाद फिरोजपुर मार्ग स्थित फ्लाईओवर पर अपनी पत्नी के जन्मदिन के अवसर पर पटाखे चलाए। उस समय सड़क पर सामान्य यातायात जारी था। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पटाखों के कारण आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों को भी असुविधा का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़ें- पटियाला में आंख झपकते ही ढाई लाख लेकर भागा बच्चा, मंडी में मिनटभर में हुआ खेल; CCTV में कैद हुई वारदात
पुलिस ने भी रोका था ऐसा करने से
वीडियो में युवक यह कहते हुए भी सुनाई दे रहा है कि पुलिस ने उन्हें पहले रोकने का प्रयास किया था, लेकिन वे आगे जाकर पटाखे चलाएंगे। यह कथित बयान भी वीडियो के साथ तेजी से इंटरनेट मीडिया पर फैल गया, जिसके बाद मामला पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचा।
यातायात पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच शुरू की और उसमें दिखाई दे रही कार के पंजीकरण नंबर के आधार पर वाहन मालिक की पहचान की। इसके बाद संबंधित युवक का पता निकालकर उसके खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन और सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग मचाने के आरोप में कार्रवाई की गई।
पुलिस ने सुरक्षा के लिए खतरा बताया
ASI अशोक कुमार ने बताया कि युवक का करीब 6,500 रुपये का चालान किया गया है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों, विशेषकर व्यस्त सड़कों और फ्लाईओवर पर इस तरह पटाखे चलाना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे सड़क पर चल रहे लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इंटरनेट मीडिया पर सामने आने वाले ऐसे मामलों की गंभीरता से जांच की जाती है। यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर नियमों की अनदेखी करते हुए दूसरों की जान जोखिम में डालता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।