घर से पहनकर निकलती थी नेम प्लेट लगी वर्दी, लोगों को दिखाती थी रौब; बेगूसराय में फर्जी लेडी दारोगा गिरफ्तार
बेगूसराय के संतनगर में एक फर्जी महिला दारोगा, काजोमा कुमारी को गिरफ्तार किया गया है। वह खुद को कोर्ट में तैनात दारोगा बताकर और पुलिस वर्दी पहनकर लोगों ...और पढ़ें

बरामद नकली वर्दी और कोर्ट ले जाती पुलिस। (जागरण)
HighLights
फर्जी महिला दारोगा काजोमा कुमारी बेगूसराय से गिरफ्तार।
पुलिस वर्दी पहनकर लोगों से करती थी ठगी।
पचास हजार से अधिक की धोखाधड़ी का आरोप।
जागरण संवाददाता, बेगूसराय। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के संतनगर मोहल्ले से पुलिस ने एक फर्जी महिला दारोगा को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार महिला की पहचान मटिहानी थाना क्षेत्र के छितरौर खोरमपुर निवासी विपिन सिंह की पुत्री काजोमा कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से दो स्टार लगी पुलिस वर्दी और ‘निशु सिंह’ नाम की दो नेमप्लेट बरामद की है।
महिला संतनगर निवासी कैलाश साह के मकान में किराए पर रह रही थी। ठगी के शिकार लोगों की शिकायत पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, महिला स्वयं को कोर्ट में पोस्टेड दारोगा बताती थी और अपने पति को आर्मी में कार्यरत बताकर लोगों पर प्रभाव जमाती थी।
पहनकर निकलती थी नेम प्लेट लगी वर्दी
करीब चार माह पूर्व वह संतनगर स्थित किराए के मकान में रहने आई थी। घर से ‘निशु सिंह’ की नेमप्लेट लगी वर्दी पहनकर निकलने से स्थानीय लोगों को उस पर कभी संदेह नहीं हुआ।
इसी का फायदा उठाकर वह जरूरतमंद लोगों को पैरवी कराने का झांसा देती और रुपये ऐंठ लेती थी। सोमवार सुबह ठगी के शिकार कई लोग उसके मकान पर पहुंच गए और रुपये वापस करने की मांग करने लगे। बातचीत के दौरान लोगों ने उससे परिचय पत्र दिखाने को कहा।
पहचान पत्र नहीं दिखा पाने पर स्थानीय लोगों ने मुफस्सिल थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो मामला फर्जी निकला। कमरे की तलाशी के दौरान दो स्टार लगी वर्दी, नेमप्लेट समेत अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए।
खबरें और भी
स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला आधा दर्जन लोगों से करीब 50 हजार रुपये से अधिक की ठगी कर चुकी है। संतनगर निवासी बीएसएफ के सेवानिवृत्त कर्मी नंदकिशोर चौधरी ने भी महिला पर 10,500 रुपये उधार लेकर नहीं लौटाने का आरोप लगाया है।
ठगी के शिकार लोगों की शिकायत पर महिला को गिरफ्तार किया गया है। कमरे से दो स्टार लगी वर्दी समेत अन्य सामान बरामद किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने ठगी की बात स्वीकार की है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
आनंद कुमार पांडे, सदर डीएसपी वन