विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 08, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Nitin Gadkari: 'कोई माई का लाल...', गिरिराज के सामने खुलकर बोले गडकरी; हिंदू-मुस्लिम तक पहुंची बात

Published: Wed, 08 May 2024 08:45 PM (IST)

नितिन गडकरी ने बेगूसराय में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कोई माई का लाल यह ...और पढ़ें

'कोई माई का लाल...', गिरिराज के सामने खुलकर बोले गडकरी; हिंदू-मुस्लिम तक पहुंची बात
'कोई माई का लाल...', गिरिराज के सामने खुलकर बोले गडकरी; हिंदू-मुस्लिम तक पहुंची बात

संवाद सूत्र, मटिहानी (बेगूसराय)। नितिन गडकरी ने कहा कि मेरे पास पैसे की कोई कमी नहीं है। मेरे हाथ द्रोपदी की थाली लग गई है, जो कभी खाली ही नहीं होती है। जो मैं कहता हूं, वही करता हूं। कोई माई का लाल यह नहीं कह सकता है कि नितिन गडकरी ने यह घोषणा की और उसे पूरा नहीं किया।

उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद गंगा नदी पर शाम्हो-मटिहानी पुल का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। बता दें कि केंद्रीय मंत्री गडकरी मटिहानी प्रखंड के मध्य विद्यालय बागडोव परिसर में एनडीए प्रत्याशी गिरिराज सिंह के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि पुल का निर्माण बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह के आग्रह पर होगा। नितिन गडकरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सर्वांगीण विकास हो रहा है। जिसमें किसानों का भी विकास हुआ है।

'मैं जाति-धर्म की राजनीति नहीं करता'

उन्होंने कहा कि मैं जाति-धर्म की राजनीति नहीं करता हूं। मेरी राजनीति विकास के मुद्दे पर होती है। मैं जाति-धर्म की राजनीति करने वालों से नफरत करता हूं। आम जनता से अपील करते हुए कहा कि आप मुझसे मांगने में कोई कंजूसी नहीं करें। जो आप मांगेंगे वह मैं पूरा करूंगा।

चुनावी सभा को संबोधित करते हुए बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि गिरिराज सिंह के सफल नेतृत्व में बेगूसराय का सर्वांगीण विकास हुआ है। हजारों करोड़ की लागत से सिमरिया में गंगा नदी पर पुल का निर्माण हो रहा है। फर्टिलाइजर चालू हुआ, जिससे यूरिया का उत्पादन हो रहा है।

उन्होंने कहा कि मटिहानी के विधायक राजकुमार सिंह के आग्रह पर चकिया से लखमिनियां तक गुप्ता लखमिनियां बांध को फोरलेन बाइपास सड़क निर्माण की स्वीकृति भी दे दी गई है।

'मैं हिंदू-मुस्लिम की राजनीति करता हूं'

चुनावी सभा को संबोधित करते हुए एनडीए प्रत्याशी गिरिराज सिंह ने कहा कि लोग कहते हैं कि गिरिराज सिंह हिंदू-मुस्लिम की राजनीति करते हैं। मैं इसे स्वीकार भी करता हूं कि मैं हिंदू-मुस्लिम की राजनीति करता हूं। परंतु विकास की भी राजनीति करता हूं। मेरे पांच वर्षों के कार्यकाल में हजारों करोड़ की लागत से बेगूसराय का विकास हुआ है।

चुनावी सभा को बिहार सरकार के खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, एमएलसी सर्वेश कुमार, विधायक राजकुमार सिंह, विधायक कुंदन सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव वर्मा, जदयू के जिला अध्यक्ष रुदल राय, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष इंदिरा देवी, पश्चिमी मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण राय, चंदन सिंह, हम के जिला अध्यक्ष, लोजपा जिला अध्यक्ष आदि ने भी संबोधित किया।

ये भी पढ़ें- Rohini Acharya: 'रोहिणी आचार्य सिर्फ मुखौटा हैं, असली चेहरा तो...', ये क्या बोल गए नीतीश कुमार के सांसद

ये भी पढ़ें- Ara Lok Sabha Seat: आरा में इस बार आर-पार की लड़ाई, जातीय समीकरण की मुख्य भूमिका

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।