रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेसवे को लेकर आया अपडेट, वीरपुर में अधिकारियों ने जमीन अधिग्रहण का किया निरीक्षण
रक्सौल-हल्दिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे परियोजना के संबंध में वीरपुर प्रखंड में प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने स्थलीय निरीक्षण किया। ...और पढ़ें

अधिकारियों ने किया निरीक्षण। (जागरण)
HighLights
वीरपुर में रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेसवे का स्थलीय निरीक्षण।
अधिकारियों ने भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया का जायजा लिया।
परियोजना से क्षेत्र के विकास और रोजगार के अवसर।
संवाद सूत्र, वीरपुर (बेगूसराय)। रक्सौल-हल्दिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे परियोजना को लेकर बुधवार को प्रशासनिक गतिविधियां तेज दिखीं।
इसी क्रम में अधिकारियों की टीम ने वीरपुर प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने नौला, वीरपुर, पकड़ी रसलपुर, सरौंजा मौजा समेत अन्य चिह्नित स्थानों का दौरा किया। इस दौरान प्रस्तावित एक्सप्रेसवे के लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी ली गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर भूमि की स्थिति, रकबा, प्रभावित क्षेत्रों तथा स्थानीय स्तर पर आने वाली संभावित समस्याओं का आकलन किया। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी हो।
निरीक्षण टीम में एडीएम, डीडीसी, डीसीएलआर, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी तथा वीरपुर अंचल अधिकारी समेत अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल थे।
क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण है योजना
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, रक्सौल-हल्दिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे परियोजना क्षेत्र के विकास के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस परियोजना के पूरा होने से न सिर्फ आवागमन सुगम होगा, बल्कि व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
स्थानीय लोगों में भी इस परियोजना को लेकर उत्साह देखा जा रहा है, हालांकि कुछ जगहों पर भूमि अधिग्रहण को लेकर लोगों की जिज्ञासाएं बनी हुई हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी प्रक्रियाएं नियमों के अनुरूप और जनहित को ध्यान में रखकर पूरी की जाएंगी।