'बिहार में अपराध चरम पर; कानून-व्यवस्था ध्वस्त', Tejashwi Yadav का एनडीए सरकार पर हमला
तेजस्वी यादव ने अररिया हत्याकांड और बिहार में बढ़ते अपराध पर एनडीए सरकार को घेरा। उन्होंने बेगूसराय में वकील अहमद के परिजनों से मिलकर दोषियों को सजा द ...और पढ़ें

तेजस्वी यादव का एनडीए सरकार पर हमला

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, बेगूसराय। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने अररिया में हुई जघन्य हत्या और राज्य में बढ़ते अपराध को लेकर एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराध चरम पर है और सरकार पूरी तरह विफल साबित हो चुकी है।
बेगूसराय दौरे पर पहुंचे तेजस्वी यादव ने सबसे पहले मुफस्सिल थाना क्षेत्र के किल्ली गांव जाकर हाल ही में मारे गए वकील अहमद के स्वजनों से मुलाकात की। उन्होंने घटना पर गहरा दुख जताते हुए दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की।
इसके बाद वे मटिहानी विधायक नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह की माता पार्वती देवी के श्राद्ध कर्म में शामिल होने के लिए केशावे गांव पहुंचे, जहां उन्होंने तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने अररिया में हुई हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि इस तरह की घटना पहले कभी नहीं देखी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि जोगबनी निवासी मो. नबी हुसैन की निर्मम हत्या मुस्लिम विरोधी एजेंडा का परिणाम है।
उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में अपराधी लगातार अपराध करने में विजय हो रहे हैं और सम्राट बन कर घूम रहे हैं। तेजस्वी ने कहा कि सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
खबरें और भी
तेजस्वी यादव ने दावा किया कि बिहार में हत्या, लूट, अपहरण और दुष्कर्म की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कोई ऐसा दिन नहीं गुजरता जब अपराध की घटना न हो। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 20 वर्षों से सत्ता में रही एनडीए सरकार जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है।
स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि अस्पतालों में न डाक्टर हैं, न दवाएं और न ही समुचित इलाज की व्यवस्था है। वहीं स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अभाव है और शिक्षकों की कमी बनी हुई है।
महंगाई, बेरोजगारी और पलायन जैसे मुद्दों को उठाते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की 14 करोड़ जनता परेशान है, जबकि सरकार सिर्फ सत्ता बचाने में लगी हुई है।
उन्होंने किसानों की स्थिति पर भी चिंता जताई और कहा कि ओलावृष्टि के बावजूद मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। अंत में उन्होंने कहा कि बिहार में प्रशासनिक व्यवस्था कमजोर हो चुकी है और अफसरशाही हावी है। लोग अब राज्य में शांति और सुरक्षा चाहते हैं।