BAU सबौर में PG दाखिले के लिए काउंसलिंग शुरू; 154 सीटों के लिए पहुंचे 450 अभ्यर्थी, प्रक्रिया जान लें
बिहार कृषि विश्वविद्यालय (BAU) सबौर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में दाखिले हेतु दो दिवसीय काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू हो गई ...और पढ़ें

बिहार कृषि विश्वविद्यालय में एमएससी एग्रीकल्चर और हॉर्टीकल्चर पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए दो दिवसीय काउंसलिंग शुरू
जागरण संवाददाता, भागलपुर। बिहार कृषि विश्वविद्यालय (BAU), सबौर में स्नातकोत्तर (मास्टर डिग्री) पाठ्यक्रमों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 में दाखिले के लिए दो दिवसीय काउंसलिंग प्रक्रिया का गुरुवार से औपचारिक आगाज हो गया। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस काउंसलिंग के पहले दिन विभिन्न विषयों की कुल 154 सीटों पर नामांकन के लिए करीब 450 अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और अपने शैक्षणिक दस्तावेजों का सत्यापन कराया। यह प्रक्रिया शुक्रवार को भी निरंतर जारी रहेगी।
विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. एम. हक ने बताया कि स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में दाखिले की पूरी प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और टीम वर्क के साथ संपन्न कराई जा रही है। अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए मूल दस्तावेजों की जांच के बाद मेधा सूची (मेरिट लिस्ट) के आधार पर सीटों का आवंटन किया जा रहा है।
M.Sc एग्रीकल्चर व हॉर्टीकल्चर की 154 सीटों पर हो रहा दाखिला
रजिस्ट्रार ने बताया कि इस काउंसलिंग के माध्यम से बिहार कृषि विश्वविद्यालय के अधीनस्थ संचालित विभिन्न कृषि महाविद्यालयों में एमएससी एग्रीकल्चर (M.Sc. Agriculture) और एमएससी हॉर्टीकल्चर (M.Sc. Horticulture) पाठ्यक्रमों की विभिन्न शाखाओं में दाखिला लिया जाएगा।
दूर-दराज से आने वाले अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने समुचित व्यवस्थाएं की हैं, ताकि पूरी प्रक्रिया बिना किसी परेशानी के सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
वरीय अधिकारियों की देखरेख में चल रही सत्यापन प्रक्रिया
काउंसलिंग प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विश्वविद्यालय के वरीय अधिकारी खुद मौके पर मौजूद रहे। इस दौरान डिप्टी रजिस्ट्रार सुनील कुमार, प्राचार्य डॉ. रूबी रानी, डीन एग्रीकल्चर डॉ. अजय कुमार साह सहित विश्वविद्यालय के कई प्राध्यापक, वैज्ञानिक और कर्मचारी तैनात रहे।
खबरें और भी
पहले दिन की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने दूसरे दिन यानी शुक्रवार को होने वाली काउंसलिंग की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शेष अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों की जांच के बाद खाली सीटों पर मेधा सूची के अनुसार सीटें आवंटित कर नामांकन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।