भागलपुर में दो हादसों से मातम, हाईवा की टक्कर से मायके जा रही महिला की मौत, टोटो पलटने से अधेड़ की गई जान
भागलपुर में सोमवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला और एक अधेड़ व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए।
-1792412489640_m.webp)
भागलपुर में सड़क हादसे के बाद घटनास्थल पर जुटी भीड़ और पुलिस बल।
HighLights
भागलपुर में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो की मौत।
हाईवा की टक्कर से महिला की, टोटो पलटने से अधेड़ की जान गई।
घायलों का इलाज जारी, पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
जागरण टीम, जगदीशपुर/शाहकुंड (भागलपुर)। भागलपुर जिले में सोमवार को रफ्तार के कहर ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। जिले के बाइपास थाना क्षेत्र और शाहकुंड थाना क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला और एक अधेड़ व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
पहली घटना में जहां पूजा करने मायके जा रही महिला को बेकाबू हाईवा ने रौंद दिया, वहीं दूसरी घटना में अनियंत्रित टोटो पलटने से अधेड़ की जान चली गई।
मायके में दुर्गा पूजा करने जा रही थीं अंजू देवी, हाईवा ने रौंदा
बाइपास थाना क्षेत्र अंतर्गत एक होटल के समीप सोमवार को दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। जिच्छो बिसनपुर निवासी छोटे यादव की पत्नी अंजू देवी (45) अपने बेटे विकास कुमार के साथ बाइक से दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर नाथनगर के मनोहरपुर नवटोलिया स्थित अपने मायके पूजा-अर्चना करने जा रही थीं।

इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक अनियंत्रित हाईवा ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि अंजू देवी की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उनका पुत्र विकास कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतका के पति छोटे यादव ने रोते हुए बताया कि वे ठेला चलाकर अपनी चार बेटियों और दो बेटों का किसी तरह भरण-पोषण करते हैं। पत्नी की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मुआवजे की मांग को लेकर बाइपास फोरलेन जाम, प्रशासन ने कराया शांत
हादसे की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण उग्र हो गए और मुआवजे की मांग को लेकर बाइपास फोरलेन सड़क को जाम कर दिया। इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक मिथुन यादव, बाइपास थानाध्यक्ष विकास कुमार और अंचलाधिकारी (सीओ) सतीश कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।
प्रशासनिक अधिकारियों व जनप्रतिनिधि ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर और उचित सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया।
थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
शाहकुंड में अनियंत्रित होकर पलटा टोटो, अधेड़ की मौत व एक घायल
दूसरी दुर्घटना शाहकुंड प्रखंड क्षेत्र में घटी। सोमवार सुबह करीब 8:00 बजे शाहकुंड-असरगंज मुख्य मार्ग स्थित सुखसरोवर गांव के समीप शाहकुंड से असरगंज की ओर जा रहा एक टोटो (ई-रिक्शा) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
इस हादसे में टोटो पर सवार जगरिया पंचायत अंतर्गत घोरपिठीया गांव निवासी रामखेलावन सिंह के 54 वर्षीय पुत्र श्रीकांत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, टोटो पर सवार एक अन्य युवक संजीव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही शाहकुंड थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेजा। घायल संजीव कुमार को आनन-फानन में शाहकुंड सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया।
शाहकुंड थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि घटना के तुरंत बाद चालक टोटो लेकर मौके से भाग निकला है। फरार चालक की पहचान और टोटो की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की अग्रिम कानूनी प्रक्रिया के तहत यातायात थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।