भागलपुर भीखनपुर गुमटी नंबर 2 : छह मीटर चौड़ा अंडरपास बनकर तैयार; ₹5.5 करोड़ से बनेगी सड़क, ड्रेनेज व स्ट्रीट लाइट
भागलपुर के भीखनपुर गुमटी नंबर दो पर रेलवे अंडरपास का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। इसके साथ ही, 5.5 करोड़ रुपये की लागत से सड़क, ड्रेनेज और स्ट् ...और पढ़ें

मालदा मंडल ने 200 से अधिक कामगारों, क्रेन व पोकलेन की मदद से बिछाए 12 आरसीसी बॉक्स और 11 स्लैब सेगमेंट
HighLights
भीखनपुर गुमटी 2 पर रेलवे अंडरपास पूर्ण।
₹5.5 करोड़ से सड़क, ड्रेनेज, स्ट्रीट लाइट।
शंटिंग यार्ड हेतु गुमटियां होंगी स्थायी रूप से बंद।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। भीखनपुर गुमटी नंबर एक के बाद रविवार को गुमटी नंबर दो के पास रेलवे द्वारा अंडरपास (Limited Height Subway) का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया। निर्माण स्थल पर 8.5 मीटर गहरी मिट्टी खोदकर 6 मीटर चौड़ा और 3.65 मीटर ऊंचा यू-शेप (U-Shape) अंडरपास बॉक्स लॉन्च किया गया।
इस दौरान कुल 12 आरसीसी बॉक्स सेगमेंट एवं 11 आरसीसी स्लैब सेगमेंट की सफल लॉन्चिंग की गई। खाली जगहों पर मिट्टी और स्टोन डस्ट भरने तथा वाटरप्रूफिंग के बाद क्रेन की मदद से आरसीसी अंडरपास के ऊपर रेलवे पटरियां बिछाई गईं। इसके बाद इंजन चलाकर भार क्षमता और मजबूती का परीक्षण भी किया गया।
मालदा मंडल के सीनियर डीइएन-2 (Sr. DEN-2) विद्युत मंडल की देखरेख में आयोजित इस मेगा ब्लॉक कार्य में 200 से अधिक कामगार, दो क्रेन और पांच पोकलेन लगाए गए थे। मौके पर एइएन भागलपुर गौतम कुमार सहित कई वरिष्ठ रेलवे अधिकारी उपस्थित थे।
त्रिमूर्ति चौक से जुड़ेगी सड़क, ₹5.5 करोड़ होंगे खर्च
अंडरपास को शहर से जोड़ने के लिए रेलवे अपनी जमीन पर 18 फीट चौड़ी और दोनों ओर 100-100 मीटर लंबी सड़क का निर्माण कराएगा:
कनेक्टिविटी: यह सड़क सीधे त्रिमूर्ति चौक से जुड़ेगी, जिसके लिए लोगों को करीब 200 मीटर की दूरी तय करनी होगी।
सुविधाएं: जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए ड्रेनेज और नाले का निर्माण होगा। इसके साथ ही पूरे मार्ग में स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी।
लागत: पूरी परियोजना पर कुल साढ़े पांच करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
क्यों बंद होंगी गुमटी नंबर 1 व 2?
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, भोलानाथ रेलवे पुल और भीखनपुर गुमटी नंबर तीन के बीच ट्रेन शंटिंग यार्ड का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। योजना के तहत शंटिंग यार्ड में तीन की जगह अब पांच स्टेबलिंग लाइन बिछाने का काम जारी है।
खबरें और भी
गुमटियां होंगी बंद: शंटिंग यार्ड बनने के बाद सुरक्षा कारणों से भीखनपुर गुमटी नंबर एक और दो का रेलवे फाटक स्थायी रूप से बंद कर दिया जाएगा।
वैकल्पिक रास्ता: स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए भीखनपुर गुमटी नंबर दो से गुमटी नंबर तीन तक रेलवे की जमीन पर टू-लेन (2-Lane) सड़क बनाई जाएगी।
अन्य निर्माण: इस परिसर में चीफ यार्ड मास्टर का कार्यालय और एक बड़ा वॉटर टैंक भी बनाया जाएगा।
जानिए शंटिंग यार्ड की योजना
मालदा रेल मंडल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार, यह कार्य लिमिटेड हाइट सबवे (LHS) परियोजना का हिस्सा है। इससे रेलवे लाइन के दोनों ओर रहने वाले निवासियों को सुरक्षित आवागमन मिलेगा, समपार फाटक खत्म होंगे, ट्रेन परिचालन अधिक सुचारु बनेगा और रेलवे सुरक्षा में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
