भागलपुर में गंगा नदी के बीच खराब हुई 2 नाव, 40 यात्री फंसे; घाट पर मची अफरातफरी
भागलपुर में बरारी पुल घाट से महादेवपुर घाट जा रही दो नावें तकनीकी खराबी के कारण बीच गंगा में रुक गईं, जिससे 40 यात्री फंस गए और घाट पर हंगामा मच गया। ...और पढ़ें

नाव में फंसे यात्री। (जागरण)
HighLights
दो नावें बीच गंगा में तकनीकी खराबी से फंसीं।
करीब 40 यात्री फंसे, घाट पर हंगामा हुआ।
एसडीआरएफ ने सभी यात्रियों को सुरक्षित बचाया।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। बरारी पुल घाट से महादेवपुर घाट जा रही दो नाव शनिवार दोपहर अचानक तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते में बंद हो गईं।
नाव रुकते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और काफी देर तक घाट पर हंगामे की स्थिति बनी रही। सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और दोनों नावों को सुरक्षित किनारे लगाया। बाद में यात्रियों को दूसरे नावों के जरिए महादेवपुर घाट भेजा गया।
40 यात्री थे सवार
घटना शनिवार दोपहर करीब तीन बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार दोनों नावों पर करीब 40 यात्री सवार थे। बरारी पुल घाट से खुलने के कुछ ही देर बाद नाव के इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। अचानक नाव रुकने से यात्री घबरा गए। कुछ यात्रियों ने सुरक्षा व्यवस्था और नावों की खराब स्थिति को लेकर नाराजगी जताई।
इंस्पेक्टर कुमार नीलू ने बताया कि नाव में तकनीकी समस्या आने के बाद उसे तुरंत घाट किनारे लगाया गया। इसके बाद दूसरे नाव की व्यवस्था कर यात्रियों को महादेवपुर घाट भेजा गया।
नाव में लदी थी मोटरसाइकिल
हालांकि एक साथ बड़ी संख्या में यात्रियों के पहुंचने से घाट पर भीड़ बढ़ गई। कई नावों पर मोटरसाइकिल भी लदी हुई थी, जिसके कारण यात्रियों को चढ़ने और उतरने में काफी परेशानी हुई।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त नावों की व्यवस्था की। बाद में चार नावों के माध्यम से सभी यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया।
यह भी पढ़ें- भागलपुर में बीच गंगा में टला बड़ा हादसा: 100 यात्रियों से भरी नाव का इंजन फेल, आमने-सामने टकराईं 2 नावें