भागलपुर में बीच गंगा में टला बड़ा हादसा: 100 यात्रियों से भरी नाव का इंजन फेल, आमने-सामने टकराईं 2 नावें
भागलपुर में महादेवपुर घाट से बरारी घाट जा रही 100 से अधिक यात्रियों वाली एक नाव गंगा के बीच में खराब हो गई, जिसके बाद एसडीआरएफ ने बीमार, महिला और बुजु ...और पढ़ें

बीच रास्ते में नाव में आई खराबी। फोटो जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, भागलपुर। महादेवपुर घाट से बरारी घाट आ रही 100 से अधिक यात्रियों से भरी एक बड़ी नाव शुक्रवार को बीच गंगा में खराब हो गई। इंजन बंद पड़ते ही नाव पर सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
एसडीआरएफ ने सबसे पहले नाव पर सवार बीमार, महिला और बुजुर्ग यात्रियों को मोटरबोट की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद बीच धारा में ही नाव के इंजन की मरम्मत का प्रयास शुरू किया गया। कुछ देर बाद इंजन दोबारा चालू हो गया। इस दौरान बाकी यात्रियों में जल्द गंतव्य तक पहुंचने की बेचैनी बनी रही।
कई यात्रियों ने दूसरी नाव या SDRF की बोट से भेजने की मांग की। इससे कुछ देर के लिए हंगामे जैसी स्थिति बन गई। हालांकि, एसडीआरएफ कर्मियों और नाविकों ने लोगों को समझाकर स्थिति नियंत्रित कर ली।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नाव खराब होने के बाद कुछ समय के लिए यात्रियों में भय का माहौल बन गया था, लेकिन एसडीआरएफ के पहुंचने के बाद 'डूबते को तिनके का सहारा' वाला भाव आया। बाद में इंजन चालू होने पर नाव को धीरे-धीरे बरारी घाट की ओर रवाना किया गया।
गंगा में आमने-सामने टकराईं दो नावें, टला बड़ा हादसा
महादेवपुर-बरारी नाव रूट पर शुक्रवार दोपहर दो नावों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हालांकि नाविकों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और किसी यात्री के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।
खबरें और भी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब दो बजे महादेवपुर घाट से बरारी घाट आ रही नाव और बरारी घाट से महादेवपुर जा रही नाव अचानक एक-दूसरे के काफी करीब आ गईं। इससे दोनों नावों में हल्की टक्कर हो गई।
टक्कर होते ही यात्रियों में अफरातफरी मच गई। कई यात्री घबरा गए और सुरक्षित किनारे तक पहुंचाने की गुहार लगाने लगे। हालांकि, नाविकों ने तुरंत स्थिति संभाल ली और दोनों नावों को अलग कर सुरक्षित आगे बढ़ाया।
घटना के बाद कुछ देर तक यात्रियों में दहशत का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन दिनों गंगा में नावों का परिचालन काफी बढ़ गया है।
उनका मानना है कि बढ़े परिचालन और जल्द गंतव्य तक पहुंचने की होड़ के कारण ऐसी घटनाओं का जोखिम बढ़ गया है। यात्रियों ने प्रशासन से नाव परिचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।