भागलपुर: मां के नाम की जमीन का बड़े भाई ने ले लिया एडवांस, धोखाधड़ी का शिकार छोटे भाई ने DM-SSP से मांगी सुरक्षा
संजीव रंजन सिंह ने अपने बड़े भाई राजीव रंजन सिंह पर पैतृक संपत्ति का बंटवारा किए बिना जमीन का एग्रीमेंट कर दूसरों से पैसे लेने का आरोप लगाया है। ...और पढ़ें

धोखाधड़ी का शिकार छोटे भाई ने DM-SSP से मांगी सुरक्षा (AI Generated Image)
जागरण संवाददाता, भागलपुर। बरारी थाना क्षेत्र के छोटी खंजरपुर, एसएम कॉलेज रोड निवासी संजीव रंजन सिंह ने अपने बड़े भाई राजीव रंजन सिंह पर पैतृक संपत्ति का बंटवारा हुए बिना जमीन का एग्रीमेंट कर दूसरों से रुपये लेने का आरोप लगाया है।
इस मामले में उन्होंने जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय और एसएसपी प्रमोद कुमार यादव को आवेदन देकर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
संजीव रंजन सिंह का आरोप है कि उनके बड़े भाई ने बिना पारिवारिक बंटवारा, बिना चौहद्दी निर्धारण और बिना अपने नाम दाखिल-खारिज कराए ही पैतृक जमीन का एग्रीमेंट एक भू-माफिया से कर दिया।
उन्होंने बताया कि संबंधित जमीन और मकान उनकी मां शिव कुमारी सिंह के नाम पर है। उनके पिता कृष्ण देव सिंह ने जमीन खरीदकर मकान बनवाया था। माता-पिता के निधन के बाद दोनों भाइयों के बीच भागलपुर, कटिहार और दिल्ली स्थित किसी भी संपत्ति का अब तक बंटवारा नहीं हुआ है।
आवेदन में कहा गया है कि कई बार बंटवारे की मांग करने के बावजूद बड़े भाई ने स्वार्थवश पहल नहीं की। इसी बीच बैंक कालोनी, आदमपुर निवासी निलेश सिंह समेत कुछ लोग उनके घर पहुंचे और दावा किया कि उन्होंने जमीन खरीद ली है, वे अब उस पर कब्जा करेंगे।
संजीव रंजन सिंह ने कहा कि जब उन्होंने संबंधित कागजात मांगे तो निलेश सिंह ने हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। उनके दो किरायेदारों को भी मकान खाली करने की धमकी दी गई। इस संबंध में उन्होंने जोगसर थाने में भी आवेदन दिया है।
खबरें और भी
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि उनके बड़े भाई पहले भी इसी तरह कई लोगों से जमीन के नाम पर एग्रीमेंट कर रुपये लेते रहे हैं। आए दिन अलग-अलग लोग घर पहुंचकर दावा करते हैं कि उन्होंने उनके भाई को 21 लाख रुपये दिए हैं और जमीन का एग्रीमेंट उनके नाम किया गया है। इसके आधार पर वे मकान और जमीन पर कब्जा करने की धमकी देते हैं।
संजीव रंजन सिंह ने डीएम और एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने तथा अपने और परिवार के जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।