कैंसर मरीजों के लिए बड़ी राहत: भागलपुर सुपर स्पेशियलिटी में मिलेगी सर्जरी व रेडियोथेरेपी, बनेगा 20 मीटर दूर बंकर
भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कैंसर मरीजों को जल्द ही आधुनिक सर्जरी और रेडियोथेरेपी की सुविधा मिलेगी। अधिकारियों के निरीक्षण के ब ...और पढ़ें

कैंसर मरीजों के लिए बड़ी राहत।
HighLights
भागलपुर में कैंसर मरीजों को मिलेगी आधुनिक सर्जरी सुविधा।
सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में रेडियोथेरेपी सेवा होगी शुरू।
खतरनाक किरणों से बचाव को 20 मीटर दूर बंकर बनेगा।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। भागलपुर और आसपास के जिलों के कैंसर पीड़ितों के लिए राहत भरी खबर है। आने वाले समय में जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (JLNMCH) स्थित सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में कैंसर मरीजों को आधुनिक सर्जरी और रेडियोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध होगी।
अधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण
इस महत्वाकांक्षी परियोजना की जमीनी तैयारियों को परखने के लिए सोमवार को बिहार कैंसर केयर रिसर्च सोसाइटी के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी सुधीर कुमार और होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र के प्रभारी अधिकारी डॉ. रविकांत सिंह ने अस्पताल का दौरा किया।
शीर्ष चिकित्सा अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संदीप लाल, अस्पताल अधीक्षक डॉ. एचपी दुबे और उपाधीक्षक डॉ. महेश कुमार भी मौजूद रहे। अधिकारियों की संयुक्त टीम ने करीब एक घंटे तक अस्पताल परिसर, ओपीडी और खाली पड़ी जमीन का बारीकी से मुआयना किया।
पहले शुरू होगी रेडियोथेरेपी
उपाधीक्षक डॉ. महेश कुमार ने बताया कि परिसर में पूर्णकालिक कैंसर अस्पताल का निर्माण प्रस्तावित है। परंतु उससे पहले मरीजों की तत्काल सुविधा के लिए रेडियोथेरेपी सेवा को प्राथमिक आधार पर आरंभ करने की योजना बनाई गई है।
खबरें और भी
जमीन चयन पर बनी सहमति
अस्पताल परिसर में उपलब्ध विस्तृत भूमि का जायजा लेने के बाद अधिकारियों ने रेडियोथेरेपी विंग शुरू करने पर सहमति जता दी है। जल्द ही पटना से विशेषज्ञ इंजीनियरों और तकनीकी अधिकारियों की टीम अंतिम सर्वे के लिए भागलपुर पहुंचेगी।
मुख्य भवन से दूर बनेगा बंकर
रेडियोथेरेपी के दौरान निकलने वाली खतरनाक किरणों (Rediation) के प्रभाव से आम लोगों को सुरक्षित रखने के लिए अस्पताल के मुख्य भवन से करीब 20 मीटर की दूरी पर एक विशेष बंकर का निर्माण कराया जाएगा।
सर्जरी के लिए बनेगा स्पेशल ओटी
कैंसर मरीजों की शल्य चिकित्सा के लिए एक आधुनिक ऑपरेशन थिएटर (OT) का निर्माण होना है। जब तक स्थायी कैंसर अस्पताल का निर्माण पूरा नहीं हो जाता, तब तक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के एक तल पर इस ओटी का संचालन किया जाएगा।
कैंसर सर्जनों से साधा जा रहा संपर्क
डॉ. महेश कुमार ने बताया कि वर्तमान में अस्पताल के पास कैंसर विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध हैं, लेकिन ऑनको-सर्जनों (Onco-Surgeons) की सख्त आवश्यकता होगी। दो-चार विशेषज्ञ डॉक्टरों से बातचीत चल रही है, सहमति मिलते ही सोसाइटी को सूचित किया जाएगा।
वर्तमान में मिल रही कीमोथेरेपी
उल्लेखनीय है कि वर्तमान में भागलपुर सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में कैंसर मरीजों को कीमोथेरेपी की सुविधा सफलतापूर्वक दी जा रही है। अब रेडियोथेरेपी और सर्जरी शुरू होने से मरीजों को पटना या टाटा मेमोरियल (मुंबई) जाने से पूरी तरह मुक्ति मिल जाएगी।
आईसीयू के लिए मांगे डॉक्टर-नर्स
कैंसर सर्जरी के बाद मरीजों को पोस्ट-ऑपरेटिव आईसीयू केयर की बेहद जरूरत होती है। आईसीयू के निर्बाध संचालन के लिए उपाधीक्षक ने आधे दर्जनों डॉक्टरों और प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की मांग की है, जिस पर अधिकारियों ने जल्द व्यवस्था करने का आश्वासन दिया है।
ओपीडी की व्यवस्था देख हुए प्रभावित
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारी सुधीर कुमार ने ओपीडी की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। वहां प्रतिदिन पहुंचने वाले मरीजों की भारी संख्या और उपलब्ध कराई जा रही सुचारू स्वास्थ्य सुविधाओं को देखकर उन्होंने संतोष जताया और इसे सूबे की बेहतरीन व्यवस्थाओं में से एक बताया।