सब्जी व दूध किसानों की बदलेगी किस्मत; भागलपुर DM ने कहा- प्रोसेसिंग यूनिट व काम्फेड आउटलेट के लिए जमीन खोजिए
भागलपुर में जिलाधिकारी ने सब्जी और दुग्ध किसानों के लिए बेहतर बाजार, प्रसंस्करण और विपणन सुविधाओं हेतु पहल तेज की है। बैठक में VEGFED और COMFED की योज ...और पढ़ें

भागलपुर में वेजफेड और काम्फेड की महत्वाकांक्षी योजनाओं को रफ्तार देने के लिए जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने की समीक्षा
HighLights
DM ने सब्जी व दुग्ध किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया।
VEGFED, COMFED योजनाओं की समीक्षा, भूमि चिह्नीकरण के निर्देश।
प्रसंस्करण इकाइयों व दुग्ध आउटलेट से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। जिले में सब्जी उत्पादक और दुग्ध किसानों को बेहतर बाजार, प्रसंस्करण (Processing) और विपणन (Marketing) की आधुनिक सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने अपनी पहल तेज कर दी है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय की अध्यक्षता में वेजफेड (VEGFED) और काम्फेड (COMFED) की महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न प्रखंडों में सब्जी प्रसंस्करण इकाइयों और दुग्ध उत्पादों के रिटेल आउटलेट स्थापित करने के लिए उपयुक्त सरकारी भूमि शीघ्र चिह्नित कर उपलब्ध कराने का कड़ा निर्देश दिया गया।
डीएम अलंकृता पांडेय ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय में वृद्धि करने और कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दे रही है। ऐसे में इन परियोजनाओं को समय पर धरातल पर उतारने के लिए विभागीय मानकों के अनुरूप सरकारी भूमि का चयन प्राथमिकता के आधार पर किया जाना बेहद जरूरी है।
नाथनगर में जमीन का प्रस्ताव खारिज, सीओ से मांगा नया विकल्प
समीक्षा के दौरान वेजफेड के अधिकारियों ने बताया कि नाथनगर, जगदीशपुर, सुल्तानगंज और गोराडीह समेत कई प्रखंडों में सब्जी प्रसंस्करण से जुड़ी आधारभूत संरचना विकसित करने की योजना है। इस पर डीएम ने संबंधित अंचलाधिकारियों (CO) को सरकारी भूमि का शीघ्र चिन्हीकरण कर प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया।
बैठक में नाथनगर अंचल द्वारा पूर्व में उपलब्ध कराई गई भूमि की समीक्षा की गई, जो विभागीय मानकों के अनुकूल नहीं पाई गई। इस पर संज्ञान लेते हुए डीएम ने नाथनगर के सीओ को तुरंत वैकल्पिक और उपयुक्त भूमि का चयन कर नया प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि परियोजना के निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी न हो।
खबरें और भी
काम्फेड के आउटलेट्स से स्थानीय स्तर पर बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
वहीं, काम्फेड की ओर से भी जिले के प्रमुख बाजारों व शहरी क्षेत्रों में दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों (सुधा प्रोडक्ट्स) के नए रिटेल आउटलेट स्थापित करने के लिए जमीन की मांग की गई। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रक्रिया तेज करने का आदेश दिया।
डीएम ने बताया कि इन परियोजनाओं से किसानों को अपनी उपज का सही मूल्य मिलेगा और बिचौलियों पर निर्भरता समाप्त होगी। इसके साथ ही कृषि आधारित उद्योगों को गति मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार व रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। बैठक में वेजफेड, काम्फेड और जिला प्रशासन के कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे।