विक्रमशिला सेतु पर दबाव होगा कम, गंगा नदी पर जल्द शुरू होगी फेरी और कार्गो सेवा; भारी माल का हो सकेगा परिवहन
Vikramshila Setu के क्षतिग्रस्त स्लैब के बाद भागलपुर जिला प्रशासन ने गंगा के दोनों किनारों के बीच आवागमन सुचारु रखने के लिए फेरी और कार्गो सेवा शुरू क ...और पढ़ें

एआई जनरेटेड फोटो
HighLights
विक्रमशिला सेतु क्षति के बाद फेरी सेवा शुरू करने की तैयारी।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में फेरी और कार्गो सेवा पर बैठक।
यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। विक्रमशिला सेतु के एक स्लैब के क्षतिग्रस्त होने के बाद गंगा के दोनों किनारों के बीच आवागमन सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने फेरी सेवा शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है।
सोमवार को समीक्षा भवन में जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में फेरी और कार्गो सेवा के शीघ्र संचालन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में संभावित घाटों के चयन, फेरी संचालन की व्यवहारिकता, सुरक्षा मानकों और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सेवा शुरू करने से पहले सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
आवाजाही को सुगम बनाने की कवायद
बैठक में यातायात प्रबंधन, घाटों पर भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था और प्रशासनिक स्वीकृतियों की भी समीक्षा की गई। साथ ही आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित नहीं हो, इसके लिए कार्गो सेवा जल्द शुरू करने की दिशा में भी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि विक्रमशिला सेतु पर उत्पन्न परिस्थितियों के बावजूद आम लोगों की आवाजाही और माल परिवहन बाधित नहीं होना चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ आवश्यक तैयारियां शीघ्र पूरी करें।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक, नवगछिया के पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा फेरी एवं कार्गो सेवा से जुड़ी एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। जिला प्रशासन ने बताया कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होते ही फेरी सेवा शुरू करने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।