भागलपुर: GIS मास्टर प्लान का काम अंतिम चरण में; 40 विभागों से मांगा डाटा, 7 को नगर आयुक्त तो 10 को DM करेंगे समीक्षा
भागलपुर के जीआईएस आधारित मास्टर प्लान का काम अंतिम चरण में है, जिसके लिए 40 विभागों से डेटा मांगा गया है। इसकी प्रगति की समीक्षा के लिए 7 अगस्त को नगर ...और पढ़ें

एक्सेल जियोमैटिक्स गाजियाबाद कर रही है विस्तृत फील्ड सर्वे; लैंड यूज, ट्रांसपोर्ट और पार्किंग सहित 7 बिंदुओं पर जांच
HighLights
जीआईएस मास्टर प्लान भागलपुर के विकास का खाका तैयार।
40 सरकारी विभागों से विस्तृत सेकेंडरी डेटा का अनुरोध।
नगर आयुक्त व डीएम 7 और 10 अगस्त को करेंगे समीक्षा।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। भागलपुर योजना क्षेत्र के सुनियोजित और दीर्घकालिक विकास के लिए तैयार किए जा रहे जीआईएस (भौगोलिक सूचना प्रणाली) आधारित मास्टर प्लान का काम अब निर्णायक चरण में पहुंच गया है। नगर विकास एवं आवास विभाग के निर्देश पर इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए एक्सेल जियोमैटिक्स प्राइवेट लिमिटेड, गाजियाबाद को चयनित किया गया है।
एजेंसी द्वारा शहर और आसपास के योजना क्षेत्र का विस्तृत सर्वे किया जा रहा है। मास्टर प्लान को समयबद्ध तरीके से तैयार करने के लिए नगर निगम ने करीब 40 विभागों और सरकारी संस्थानों को पत्र भेजकर सेकेंडरी डाटा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
7 को नगर आयुक्त और 10 अगस्त को डीएम करेंगे समीक्षा बैठक
मास्टर प्लान की प्रगति की समीक्षा के लिए 7 अगस्त को नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा संबंधित अधिकारियों और एजेंसी के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद 10 अगस्त को जिलाधिकारी (DM) की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक होगी।
बैठक में अब तक हुए सर्वेक्षण, बेस मैप तैयार करने की प्रगति, विभिन्न विभागों से प्राप्त डाटा और आगे की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
इन 7 प्रमुख बिंदुओं पर किया जा रहा है फील्ड सर्वे
चयनित एजेंसी शहर और आसपास के क्षेत्रों में निम्नलिखित विषयों पर विस्तृत सर्वे कर रही है:
सामाजिक एवं आर्थिक परिवार (हाउसहोल्ड) सर्वे
परिवहन (ट्रांसपोर्ट) एवं ट्रैफिक सर्वे
भूमि उपयोग (लैंड यूज) सर्वे
पार्किंग व्यवस्था सर्वे
आधारभूत संरचना एवं सार्वजनिक उपयोगिताओं का सर्वे
भौतिक सत्यापन (ग्राउंड ट्रुथिंग)
जीआईएस आधारित मास्टर प्लान के लिए आवश्यक अन्य फील्ड जांच
उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग से मांगी गई विशेष जानकारी
नगर निगम ने स्मार्ट सिटी लिमिटेड, रेलवे, NHAI, बिजली विभाग (NBPDCL), पुलिस अधीक्षक कार्यालय, बीएसएनएल, पीडब्ल्यूडी, पीएचईडी, अग्निशमन और बियाडा (BIADA) समेत 40 प्रमुख दफ्तरों से डाटा मांगा है।
उद्योग विभाग: औद्योगिक क्षेत्रों की संख्या, उनका स्थान और उपलब्ध भूमि का ब्योरा।
शिक्षा विभाग: स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थानों की सूची।
स्वास्थ्य विभाग: अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और चिकित्सा सुविधाओं का पूरा विवरण।
भविष्य के विकास की दिशा तय करेगा नया मास्टर प्लान
नगर निगम ने सभी विभागों से एजेंसी की सर्वे टीम को पूर्ण सहयोग देने की अपील की है। विभागीय सूचनाओं, फील्ड सर्वे और बेस मैप के आधार पर तैयार होने वाला यह वैज्ञानिक मास्टर प्लान भविष्य में भागलपुर के आवासीय, व्यावसायिक, औद्योगिक, परिवहन, जलनिकासी और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास का आधार बनेगा।