Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    लोहिया पुल से अलीगंज तक बनेगा फोरलेन; पथ न‍िर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र पहुंचे भागलपुर, कुछ ही घंटे में करेंगे शिलान्यास

    Updated: Sat, 08 Aug 2026 12:01 AM (IST)

    भागलपुर में लोहिया पुल से अलीगंज तक 3.70 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य तेजी से शुरू हो गया है। पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र शनिवार ...और पढ़ें

    मंत्री कुमार शैलेंद्र

    मंत्री कुमार शैलेंद्र

    HighLights

    1. लोहिया पुल से अलीगंज तक 3.70 किमी फोरलेन निर्माण।

    2. शनिवार को पथ निर्माण मंत्री करेंगे विधिवत शिलान्यास।

    3. जाम से मिलेगी मुक्ति, बेहतर होगी शहर की कनेक्टिविटी।

    जागरण संवाददाता, भागलपुर। भागलपुर-हंसडीहा एनएच को जोड़ने वाली लोहिया पुल से अलीगंज तक 3.70 किलोमीटर लंबी सड़क को फोरलेन बनाने का काम तेजी से शुरू हो गया है। अलीगंज की ओर से सड़क को खोदकर नए सिरे से बनाने का कार्य 17 जुलाई से ही प्रगति पर है। शनिवार को पथ निर्माण विभाग के मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र इस बहुप्रतीक्षित फोरलेन निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास करेंगे।

    इस शिलान्यास समारोह में क्षेत्रीय सांसद अजय कुमार मंडल, नगर विधायक रोहित पांडेय, एमएलसी डॉ. संजीव कुमार सिंह, डॉ. एनके यादव और विजय कुमार सिंह समेत पथ निर्माण विभाग के वरिष्ठ अभियंता उपस्थित रहेंगे।

    सीमांकन की अड़चन दूर, अतिक्रमण पर चलेगा बुलडोजर

    फोरलेन निर्माण में सबसे बड़ी चुनौती राइट ऑफ वे (ROW) यानी जमीन के सीमांकन को लेकर आ रही थी। जमीन की वास्तविक चौड़ाई तय न होने के कारण काम अटका हुआ था। हालांकि, विभाग द्वारा मापी कराकर जमीन की वास्तविक सीमा तय कर ली गई है, जिससे निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

    कार्यपालक एजेंसी के अनुसार सड़क निर्माण में बाधक बनने वाले अतिक्रमण को चिन्हित कर हटाने की कार्रवाई शुरू की जा रही है। इसके साथ ही मार्ग में आने वाले बिजली के पोल और तारों को शिफ्ट करने की प्रक्रिया भी जल्द पूरी की जाएगी।

    पीसीसी और बिटुमिनस से बनेगी सड़क, ड्रेनेज की भी उत्तम व्यवस्था

    यह निर्माण कार्य सेंट्रल रोड एंड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (CRIF) के तहत कराया जा रहा है। परियोजना के अंतर्गत सड़क को पीसीसी और बिटुमिनस (अलकतरा-गिट्टी) मिलाकर अत्याधुनिक तरीके से तैयार किया जाएगा। बरसात का मौसम खत्म होते ही निर्माण कार्य में और अधिक तेजी लाई जाएगी।

    खबरें और भी

    जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए सड़क के दोनों किनारों पर पक्के नालों (ड्रेनेज सिस्टम) का निर्माण होगा। इन नालों को इस तरह से कवर किया जाएगा कि इनका इस्तेमाल पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ के रूप में भी हो सके।

    रोजाना के भीषण जाम से शहरवासियों को मिलेगी स्थायी मुक्ति

    वर्तमान में लोहिया पुल से अलीगंज मार्ग पर वाहनों के अत्यधिक दबाव के कारण लोगों को रोजाना भीषण ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता है। फोरलेन सड़क बन जाने से इस इलाके में यातायात का दबाव काफी हद तक कम हो जाएगा। इससे न केवल शहर की हंसडीहा एनएच से कनेक्टिविटी बेहतर होगी, बल्कि दक्षिणी भागलपुर के लाखों लोगों का सफर भी सुगम और समय की बचत वाला हो जाएगा।