जीरोमाइल-मिर्जाचौकी NH-80 निर्माण की एक और डेडलाइन फेल, 30% काम अब भी अटका
जीरोमाइल से मिर्जाचौकी तक एनएच-80 का निर्माण कई समयसीमाएं बीतने के बाद भी अधूरा है, जिसमें करीब 30 प्रतिशत काम बाकी है। ...और पढ़ें

भागलपुर एनएच-80 निर्माण में फिर देरी, 30% काम अब भी अधूरा (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, भागलपुर। जीरोमाइल से मिर्जाचौकी तक एनएच-80 निर्माण पूरा करने की एक और समयसीमा बीत गई, लेकिन परियोजना अब भी अधूरी है। 22 मार्च को एनएच के मुख्य अभियंता संजय कुमार भारती ने अधिकारियों और कार्यदायी एजेंसी टीटीसी इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ समीक्षा बैठक कर जून तक सड़क, पुलों के पहुंच पथ और अन्य कार्य पूरा करने का निर्देश दिया था।
इससे पहले 15 अप्रैल तक सड़क निर्माण पूरा करने को भी कहा गया था, लेकिन दोनों समयसीमाएं गुजरने के बावजूद करीब 30 प्रतिशत कार्य शेष है। अब परियोजना पूरी होने में कम से कम छह माह और लगने की संभावना जताई जा रही है।
यह परियोजना सितंबर 2024 में ही पूरी हो जानी चाहिए थी, लेकिन लगातार देरी के कारण इसकी समयसीमा कई बार बढ़ चुकी है। एजेंसी के डीजीएम से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
सबौर से कहलगांव के बीच सड़क निर्माण पूरा हो चुका है। इंग्लिश फरका, मसाढ़ू, घोषपुर समेत चार पुल भी बन गए हैं, लेकिन इनके पहुंच पथ अब तक तैयार नहीं हो सके हैं। कई स्थानों पर नाला निर्माण भी अधूरा है। जीरोमाइल के पास प्रस्तावित जंक्शन का निर्माण भी बाकी है।
कहलगांव और शिवनारायणपुर के बीच भगेय नाला पर पांच मुहिया पुल का निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ है। कलकीगंज ईंट भट्ठा, जखबाबा स्थान, श्मशान घाट और कहलगांव नगर में पुलिया बन चुकी हैं, लेकिन बस स्टैंड के पास पुलिया की एक ओर सुरक्षा दीवार नहीं बनी है। कई स्थानों पर नाला निर्माण अधूरा होने से बरसात में जलजमाव की समस्या बनी हुई है।
खबरें और भी
पीरपैंती और शिवनारायणपुर के बीच लगभग 1100 मीटर तथा पीरपैंती और मिर्जाचौकी के बीच करीब 300 मीटर पीसीसी सड़क का निर्माण अब भी बाकी है। इन हिस्सों में नाला निर्माण भी पूरा नहीं हो सका है और कार्य धीमी गति से चल रहा है।
एनएच अधिकारियों के अनुसार, कई स्थानों पर अतिक्रमण के कारण कार्य प्रभावित हुआ। वहीं, कार्यदायी एजेंसी की धीमी प्रगति भी देरी का प्रमुख कारण रही। अधिकारियों ने एजेंसी को डिबार करने तक पर विचार किया था, लेकिन उसके आश्वासन के बाद कार्रवाई टाल दी गई। हालांकि, इसके बाद भी अपेक्षित गति से काम नहीं हो सका।
एनएच के मुख्य अभियंता संजय कुमार भारती ने बताया कि बुधवार को परियोजना की समीक्षा की गई है। कार्य अभी अधूरा है। एजेंसी को जल्द से जल्द सभी शेष कार्य पूरे करने का निर्देश दिया गया है।