Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    भागलपुर रेलवे जंक्‍शन : ₹10 करोड़ से बनेगा 2 मंजिला मॉड्यूलर वेटिंग हॉल; ड्राइंग पास, VIP गेट से प्लेटफॉर्म तक सीधा प्रवेश

    Updated: Wed, 05 Aug 2026 10:16 PM (IST)

    भागलपुर रेलवे स्टेशन पर त्योहारों और लगन की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ₹10 करोड़ की लागत से दो मंजिला मॉड्युलर वेटिंग हॉल बनेगा। इसकी ड्राइंग को मं ...और पढ़ें

    गेट नंबर 1 के पास बाइक पार्किंग के ऊपर 2400 वर्गफीट में बनेगा होल्डिंग एरिया; RITES ने तैयार की ड्राइंग

    गेट नंबर 1 के पास बाइक पार्किंग के ऊपर 2400 वर्गफीट में बनेगा होल्डिंग एरिया; RITES ने तैयार की ड्राइंग

    जागरण संवाददाता, भागलपुर। त्योहारों और लगन के मौसम में भागलपुर रेलवे स्टेशन पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं व यात्रियों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बड़ी तैयारी की गई है। स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में बनने वाले मॉड्युलर वेटिंग हॉल (स्थायी होल्डिंग एरिया) की ड्राइंग को मंजूरी मिल गई है।

    राइट्स (RITES) द्वारा तैयार इस ड्राइंग को अब अंतिम स्वीकृति के लिए कोलकाता स्थित पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक (GM) कार्यालय भेजा गया है। जीएम दफ्तर से मंजूरी मिलते ही छठ पूजा से पहले निर्माण कार्य शुरू कराने की योजना है।

    ₹10 करोड़ की लागत से 2400 वर्गफीट में बनेगा 2 मंजिला हॉल

    भागलपुर स्टेशन के गेट नंबर एक के पास स्थित बाइक पार्किंग स्थल के ऊपर 2400 वर्गफीट में 10 करोड़ रुपये की लागत से दो मंजिला इमारत का निर्माण कराया जाएगा।

    होल्डिंग एरिया में मिलेगी ये आधुनिक सुविधाएं:

    • टिकट काउंटर: भीड़ को नियंत्रित करने के लिए होल्डिंग एरिया के अंदर ही जनरल टिकट काउंटर बनाए जाएंगे।

    • सख्त एंट्री: जनरल टिकट कटवाने के बाद ही यात्रियों को होल्डिंग एरिया में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

    • यात्री सुविधाएं: बैठने की सुव्यवस्थित व्यवस्था के साथ डिजिटल ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड और आधुनिक शौचालयों की सुविधा रहेगी।

    • आरक्षित यात्रियों के लिए अलग गेट: आरक्षण (Reservation) टिकट वाले यात्रियों के लिए प्लेटफॉर्म पर जाने हेतु अलग एंट्री प्वाइंट बनाया जाएगा।

    VIP गेट से प्लेटफॉर्म तक सीधा प्रवेश, FOB पर नहीं लगेगा जाम

    वाहन स्टैंड के पास मॉड्युलर वेटिंग हॉल बनने से यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर जाने में काफी आसानी होगी। यात्री सीधे वीआईपी गेट से प्लेटफॉर्म तक पहुंच सकेंगे, जिससे एस्केलेटर और फुटओवर ब्रिज (FOB) पर भीड़ का दबाव कम होगा। वर्तमान में भागलपुर स्टेशन से प्रतिदिन अप-डाउन 108 ट्रेनें गुजरती हैं और सामान्य दिनों में 50 से 55 हजार यात्रियों का आवागमन होता है।

    खबरें और भी

    छठ-होली में जुटती है 35 हजार की अतिरिक्त भीड़

    अधिकारियों के अनुसार, छठ पूजा के दौरान प्रतिदिन 30 से 35 हजार और होली के दौरान 20 से 25 हजार अतिरिक्त यात्रियों की भीड़ बढ़ जाती है। लग्न के मौसम में भी 10 से 12 हजार ज्यादा यात्री स्टेशन पहुंचते हैं।

    बढ़ेगी प्लेटफॉर्मों की लंबाई

    वर्तमान में प्लेटफॉर्म नंबर एक को छोड़कर अन्य प्लेटफॉर्मों की चौड़ाई कम है। इस समस्या से निपटने के लिए बीच वाले एफओबी (FOB) की सीढ़ियों को चौड़ा करने, लिफ्ट लगाने और प्लेटफॉर्मों की लंबाई बढ़ाकर 24 कोच के लायक बनाने की योजना पर काम चल रहा है।