Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    भागलपुर बायपास पर काल बनी नींद की झपकी, घर पहुंचने से चंद मिनट पहले उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार, गुरुदेव की पत्नी की मौत

    Updated: Wed, 10 Jun 2026 01:43 PM (IST)

    भागलपुर के कांझिया बायपास पर बुधवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में दैनिक जागरण के कर्मचारी की पत्नी गीता शर्मा की मौत हो गई। ड्राइवर को नींद की झपकी आने ...और पढ़ें

    संवाद सूत्र, नाथनगर (भागलपुर)। सड़कें कभी-कभी इतनी निष्ठुर हो जाती हैं कि संभलने का एक मौका तक नहीं देतीं। भागलपुर के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कांझिया बायपास के समीप बुधवार की अलसुबह एक ऐसा ही रूह कंपा देने वाला हादसा हुआ। रातभर का सफर तय कर घर पहुंचने की खुशी बस कुछ ही पलों की दूरी पर थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। ड्राइवर को आई महज एक पल की झपकी ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। इस भीषण कार हादसे में हबीबपुर थाना क्षेत्र के अंबे निवासी और दैनिक जागरण में आईटी विभाग अंतर्गत पेज डिजाइनर के पद पर कार्यरत हमारे साथी गुरुदेव शर्मा की 40 वर्षीय पत्नी गीता शर्मा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

    Slug  bhagalpur road accident woman dies in tragic divider crash

    कार के सीने को चीरता हुआ अंदर घुस गया डिवाइडर का लोहा

    प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह के करीब चार बज रहे थे, जब तेज रफ्तार कार कंझिया बायपास के पास पहुंची। तभी अचानक चालक को नींद की झपकी आ गई और कार सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भयावह और दिल दहला देने वाली थी कि डिवाइडर का लोहे का हिस्सा कार के अगले हिस्से और इंजन को चीरता हुआ सीधे अंदर घुस गया। इस जानलेवा टक्कर की सीधी जद में बगल की सीट पर बैठीं गीता शर्मा आ गईं। गंभीर रूप से जख्मी होने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कार की हालत देखकर ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह पल कितना खौफनाक रहा होगा।

    Bhagalpur Road Accident Woman Dies in Tragic Divider Crash (1)

    "घर पहुंचने की बात कर ही रहे थे कि..." घायल दोस्त ने रोते हुए सुनाई दास्तान

    कार गुरुदेव शर्मा के मित्र वेदव्यास चला रहे थे। अस्पताल में इलाज करा रहे वेदव्यास ने रोते हुए बताया कि वह गुरुदेव की पुत्री को इग्नू (IGNOU) की परीक्षा दिलाने सासाराम गए थे। वहां से लौटते वक्त वह गुरुदेव की पुत्री को पटना छोड़ते हुए, उनकी पत्नी गीता शर्मा को साथ लेकर देर रात करीब 11 बजे पटना से भागलपुर (हबीबपुर थाना व म‍िरजानहाट पोस्‍ट अंतर्गत अंबई) के लिए निकले थे। वेदव्यास ने रुंधे गले से कहा, "हम दोनों बस इस बात की चर्चा कर ही रहे थे कि कितनी देर में घर पहुंच जाएंगे... तभी अचानक न जाने क्या हुआ, सब कुछ खत्म हो गया।" वेदव्यास पिछले पांच साल से गाड़ी चला रहे थे, लेकिन सुबह की उस एक जानलेवा झपकी ने सब तबाह कर दिया।

    Bhagalpur Road Accident Woman Dies in Tragic Divider Crash (2)

    चीख-पुकार सुन दौड़े लोग, अस्पताल में भर्ती घायल चालक

    हादसे के बाद सुबह-सुबह हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत क्षतिग्रस्त कार से घायल चालक वेदव्यास को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही मधुसूदनपुर थाना पुलिस और एनएचएआई (NHAI) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घायल वेदव्यास को तुरंत इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (JLNMCH) मायागंज में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

    खबरें और भी

    Bhagalpur Road Accident Woman Dies in Tragic Divider Crash (3)

    पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, ट्रैफिक पुलिस को सौंपी गई जांच

    मधुसूदनपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार मंडल ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है। मृतका गीता शर्मा के शव का पोस्टमार्टम करवाया। शव स्वजन को सौंप दिया गया है। देर शाम बरारी श्‍मशान घाट पर गीता शर्मा का दाह संस्‍कार हुआ। पुत्र अभि‍षेक कुमार ने मुखाग्‍न‍ि दी। चूंकि यह मामला हाईवे पर हुई दुर्घटना का है, इसलिए आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए पूरे मामले को ट्रैफिक पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। इधर, दैनिक जागरण परिवार के सदस्य गुरुदेव शर्मा की पत्नी के आकस्मिक निधन की खबर सुनते ही पूरे महकमे और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई है। काफी संध्‍या में दैन‍िक जागरण से जुड़े अध‍िकारी, कर्मचारी व गुरुदेव शर्मा के साथ काम करने वाले सहकर्मी पोस्‍टमार्टम हाउस, अस्‍पताल, घर व श्‍माशान घाट पर मौजूद रहे। हर प्रकार के सहयोग का भरोसा द‍िया।