भागलपुर में लगेगा क्रिकेट का महाकुंभ; सैंडिस कंपाउंड में होंगी U-19 व U-23 की भिड़ंत, जुटेंगे भारत भर के उभरते सितारे
भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड स्टेडियम में पहली बार बीसीसीआई के अंडर-19 और अंडर-23 राष्ट्रीय स्तर के मैच खेले जाएंगे। यह ऐतिहासिक निर्णय भागलपुर को राष्ट् ...और पढ़ें

भागलपुर में पहली बार होंगे BCCI के मैच; सैंडिस कंपाउंड का अधिकारियों ने किया निरीक्षण, 5 नई टर्फ पिचें तैयार
HighLights
भागलपुर में पहली बार BCCI के राष्ट्रीय मैच।
सैंडिस कंपाउंड स्टेडियम में U-19, U-23 मुकाबले।
स्टेडियम का उन्नयन, स्थानीय खिलाड़ियों को अवसर।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। भागलपुर के खेल जगत के लिए यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। पहली बार भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के घरेलू सत्र के राष्ट्रीय स्तर के मैच शहर के सैंडिस कंपाउंड स्टेडियम में खेले जाएंगे। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने घरेलू सत्र 2026-27 के तहत भागलपुर को अंडर-19 और अंडर-23 वर्ग के मुकाबलों की मेजबानी सौंपी है।
अब तक बीसीसीआई के ये मुकाबले मुख्यतः पटना तक सीमित रहते थे, लेकिन इस निर्णय से भागलपुर को राष्ट्रीय क्रिकेट मानचित्र पर नई पहचान मिली है।
इन्हीं तैयारियों का जायजा लेने गुरुवार को बीसीसीआई के निरीक्षण अधिकारी आनंद दत्तर और बीसीए के ए.के. चंदन सैंडिस कंपाउंड पहुंचे। अधिकारियों ने मैदान की सीमारेखा, मुख्य पिच, खिलाड़ियों के पवेलियन, ड्रेनेज सिस्टम, जिम और खिलाड़ियों के ठहरने के लिए शहर के प्रमुख होटलों का बारीकी से मूल्यांकन किया।
70 यार्ड की बाउंड्री, 5 मुख्य विकेट और 4 प्रैक्टिस टर्फ तैयार
बीसीसीआई के अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप स्टेडियम को तेजी से अपग्रेड किया जा रहा है:
पिच और प्रैक्टिस विकेट: मुख्य ग्राउंड में विकेटों की संख्या बढ़ाकर 5 कर दी गई है, जबकि अभ्यास के लिए 4 अतिरिक्त टर्फ विकेट बनाए गए हैं।
आउटफील्ड और ड्रेनेज: मैदान का समतलीकरण कर विशेष मिट्टी डाली गई है। घास की सिंचाई के लिए अत्याधुनिक ऑटोमैटिक स्प्रिंकलर सिस्टम लगाया गया है।
मानक बाउंड्री: मैदान को 70 यार्ड की न्यूनतम मानक सीमारेखा के साथ तैयार किया जा रहा है।
जिला क्रिकेट संघ में खुशी की लहर, तैयारियों में जुटा प्रशासन
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव जयशंकर ठाकुर और पूर्व बिहार टूर्नामेंट कमेटी के अध्यक्ष डॉ. आनंद कुमार मिश्रा ने कहा कि भागलपुर को बीसीसीआई मैचों की मेजबानी मिलना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। समय सीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी।
आयोजन की तैयारियों में जिला प्रशासन के साथ-साथ अडानी ग्रुप के प्रतिनिधियों के सहयोग की भी सराहना की गई। भागलपुर में बीसीसीआई मैचों का आयोजन स्थानीय युवा खिलाड़ियों के लिए बड़े अवसर के द्वार खोलेगा।
यह भी पढ़ें- बिहार यूथ बास्केटबॉल चैंपियनशिप के लिए 9 अगस्त को भागलपुर टीम का चयन; बहादुरपुर कोर्ट पर पहुंचें युवा खिलाड़ी