भागलपुर में सफाई एजेंसी का नया टेंडर अटका, विभाग से मंजूरी का इंतजार
भागलपुर नगर निगम की नई सफाई एजेंसी के लिए 200 करोड़ रुपये की निविदा प्रक्रिया विभागीय स्वीकृति के इंतजार में अटकी हुई है। ...और पढ़ें
-1778951993621_m.webp)
भागलपुर नगर निगम। (फाइल फोटो)
HighLights
नई सफाई एजेंसी की निविदा प्रक्रिया लंबित।
200 करोड़ रुपये का प्रस्ताव विभाग को भेजा।
शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने का लक्ष्य।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में नगर निगम की नई सफाई एजेंसी निविदा प्रक्रिया फिलहाल विभागीय स्वीकृति के इंतजार में अटकी हुई है।
नगर निगम ने शहरी क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से चार वर्षों के लिए सफाई व्यवस्था का विस्तृत प्राक्कलन तैयार कर नगर विकास एवं आवास विभाग को भेज दिया है।
हालांकि, अब तक विभाग से अंतिम अनुमति नहीं मिलने के कारण निविदा जारी करने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी है।
शहरी क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग ने नगर निगम को एक माडल प्रारूप भेजा था।
इसी प्रारूप के आधार पर निगम प्रशासन ने शहर की आबादी, वार्डों की संख्या, कचरा उठाव, सड़क सफाई और अन्य जरूरतों का आकलन करते हुए निविदा संबंधी प्रस्ताव तैयार किया।
नहीं मिली मंजूरी
निविदा प्रक्रिया पूरी तरह विभागीय स्वीकृति पर निर्भर है। प्रारूप को अंतिम रूप देकर विभाग को भेजा जा चुका है, लेकिन राज्य सरकार में हाल के राजनीतिक उथल-पुथल और प्रशासनिक प्रक्रियाओं के कारण फाइल फिलहाल स्वीकृति के स्तर पर लंबित है।
विभाग से मंजूरी मिलते ही नगर निगम नई सफाई एजेंसी के चयन को लेकर निविदा जारी करेगा। इसके बाद शहर की सफाई व्यवस्था को नए सिरे से व्यवस्थित करने, संसाधनों की संख्या बढ़ाने और निगरानी तंत्र को मजबूत करने की योजना पर काम शुरू होगा।