भागलपुर : ट्रकों से अवैध वसूली का Video सामने आने पर एक्शन; बायपास थानाध्यक्ष निलंबित, 2 पर दर्ज हुई FIR
भागलपुर के एसएसपी ने ट्रकों से अवैध वसूली के वायरल वीडियो पर कड़ा संज्ञान लेते हुए बायपास थानाध्यक्ष चन्वीर यादव को निलंबित कर दिया है। वीडियो में दिख ...और पढ़ें

एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने थानाध्यक्ष चन्वीर यादव को तत्काल प्रभाव से किया सस्पेंड; मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश
HighLights
ट्रकों से अवैध वसूली के वीडियो पर एसएसपी का एक्शन।
बायपास थानाध्यक्ष चन्वीर यादव तत्काल प्रभाव से निलंबित किए गए।
दो अज्ञात व्यक्तियों पर FIR, संगठित गिरोह की जांच जारी।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। मालवाहक ट्रकों से अवैध वसूली के वायरल वीडियो पर कड़ा संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमोद कुमार यादव ने बायपास थानाध्यक्ष चन्वीर यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच शुरू करा दी गई है ताकि मामले का सच सामने आ सके। एसएसपी के निर्देश पर वीडियो में दिख रहे दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ बायपास थाने में ही प्राथमिकी दर्ज की गई है।
200 ट्रकों से रोजाना 200 रुपये वसूली की मिली थी शिकायत
एसएसपी को स्थानीय व्यक्ति द्वारा भेजे गए वीडियो में दावा किया गया था कि बायपास थाने के पास मालवाहक ट्रकों से प्रतिदिन लगभग 200 रुपये प्रति ट्रक के हिसाब से अवैध वसूली की जा रही है। हर दिन करीब 200 ट्रकों से वसूली का खेल चल रहा था।
वीडियो मिलते ही एसएसपी ने त्वरित कार्रवाई की। एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने स्पष्ट किया कि निलंबन की यह कार्रवाई प्रथम दृष्ट्या निष्पक्ष जांच प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए की गई है, न कि किसी अंतिम निष्कर्ष या दोष सिद्ध होने पर। जांच रिपोर्ट आने के बाद विधि सम्मत आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वसूली नेटवर्क और संगठित गिरोह की जांच जारी
दर्ज प्राथमिकी के आधार पर वीडियो में दिखाई दे रहे दोनों व्यक्तियों की पहचान, उनकी भूमिका और इस वसूली के पीछे सक्रिय संगठित गिरोह के नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। एसएसपी ने चेतावनी दी है कि यदि जांच में किसी अन्य पुलिस अधिकारी या कर्मी की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खबरें और भी
कजरैली में भी विवादित रहा कार्यकाल
निलंबित दारोगा चन्वीर यादव का विवादों से पुराना नाता रहा है। इससे पहले कजरैली थाने में उनका कार्यकाल काफी विवादित रहा था, जिसकी शिकायत स्थानीय लोगों ने पूर्व एसएसपी से की थी।
भू-माफिया से सांठगांठ के लगे थे आरोप
हाल ही में रिक्शाडीह गांव के पास एक बेशकीमती भूखंड पर हथियारबंद अपराधियों द्वारा जबरन कब्जे के मामले में भी उनकी भूमिका पर सवाल उठे थे। जमीन मालिक व वार्ड पार्षद सरयू साह ने आईजी विवेक कुमार और एसएसपी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई थी। इस मामले में आईजी ने सिटी एसपी अतुलेश झा को जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।