भागलपुर में रिश्तों का कत्ल : बच्चे की छठी में आए दामाद को कमरे में किया बंद, बर्बरता का वीडियो देख कांप उठेगी रूह
नवगछिया के चंद नगर में एक दामाद को ससुराल में तीन दिनों तक बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया, जिसका वीडियो वायरल हुआ। पुलिस ने पीड़ित केसर आलम को छुड़ाकर ...और पढ़ें
संवाद सहयोगी, नवगछिया (भागलपुर)। नवगछिया थाना क्षेत्र के चंद नगर में रिश्तों को पूरी तरह शर्मसार करने वाली एक बेहद खौफनाक घटना सामने आई है। यहाँ अपने ससुराल आए एक दामाद को कथित तौर पर तीन दिनों तक कमरे में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया। इस बर्बरता और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा, जिसके बाद युवक को मुक्त कराया गया।
सहरसा का रहने वाला है पीड़ित युवक केसर आलम
पुलिस और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान सहरसा जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र के मुबारकपुर निवासी केसर आलम (25 वर्ष), पिता मकसूद आलम उर्फ चमरू के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस ने ससुराल वालों के चंगुल से छुड़ाकर तुरंत अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में इलाज के लिए भर्ती कराया है।
साले की चोरी और पिटाई से शुरू हुआ विवाद
बताया जाता है कि पीड़ित केसर आलम पटना में रहकर मजदूरी का काम करता है। पटना में उसके साथ उसका छोटा साला भी रहकर काम सीख रहा था। इसी दौरान साले द्वारा केसर के दोस्तों की जेब से चुपके से पैसे निकालने (चोरी करने) की बात सामने आई थी। इस बात से नाराज होकर केसर ने अपने छोटे साले की डांट-फटकार लगाते हुए पिटाई कर दी थी।
-1781683331558.jpg)
बच्चे की छठी में ससुराल आया था दामाद केसर
आरोप है कि साले की पिटाई की बात से ससुराल पक्ष के लोग बुरी तरह भड़क गए थे। इसी बीच केसर आलम अपने बच्चे की छठी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए चंद नगर स्थित अपने ससुराल आया था। मौका पाते ही ससुराल वालों ने केसर को घर के भीतर बंधक बना लिया और लगातार तीन दिनों तक लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की।
खबरें और भी
मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया वायरल
हैरानी की बात यह है कि इस बर्बरता के दौरान ससुराल वालों ने युवक की पिटाई का एक वीडियो भी बनाया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जब यह खौफनाक वीडियो सहरसा में रह रहे केसर के परिजनों तक पहुंचा, तो उनके होश उड़ गए। परिजनों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत मामले की लिखित शिकायत स्थानीय नवगछिया थाना पुलिस से की।
नवगछिया पुलिस ने चंद नगर में की छापेमारी
परिजनों की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार को पुलिस टीम चंद नगर स्थित ससुराल के घर पहुंची। पुलिस ने युवक को लहूलुहान हालत में कमरे से मुक्त कराया। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, घायल युवक के पूरे शरीर पर बेरहमी से की गई मारपीट और गंभीर चोट के कई गहरे निशान पाए गए हैं, जिसका इलाज जारी है।
पीड़ित पत्नी रुखसाना ने बयां किया अपनों का जुल्म
घायल युवक की पत्नी रुखसाना खातून ने रोते हुए बताया कि उनके पति बच्चे की छठी की खुशी में शामिल होने आए थे। इसी दौरान उनके सगे भाइयों और अन्य मायके वालों ने उन्हें बंधक बना लिया। रुखसाना ने कहा कि उन्होंने अपने पति को बचाने का कई बार प्रयास और विरोध किया, बावजूद इसके मायके के किसी भी सदस्य ने उनकी एक न सुनी।
रुखसाना के भाइयों समेत सात लोगों पर नामजद FIR
इस खौफनाक वारदात को लेकर पीड़ित परिवार की ओर से नवगछिया थाना में सात लोगों के खिलाफ लिखित आवेदन दिया गया है। मामले में निहाल कुमार, कुर्बान कुमार, चंद कुमार, सूरज कुमार, जुली खातून, हाफिज खातून और समा खातून को मुख्य आरोपी बनाते हुए नामजद किया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
दोषियों के खिलाफ की जाएगी सख्त कानूनी कार्रवाई
नवगछिया थानाध्यक्ष रवि शंकर सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष से लिखित आवेदन प्राप्त हो चुका है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे मारपीट के वीडियो को भी साक्ष्य के रूप में जांच में शामिल किया गया है। पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है तथा घटना में शामिल सभी दोषियों के विरुद्ध सख्त से सख्त विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।