अब गांव में भी मिलेगा खून, भागलपुर के 9 प्रखंडों में खुलेंगे ब्लड बैंक; ग्रामीण मरीजों को मिलेगी राहत
भागलपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को अब खून के लिए बड़े अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत नौ प्रखंड ...और पढ़ें

अब गांव में भी मिलेगा खून, भागलपुर जिले के 9 प्रखंडों में खुलेंगे ब्लड बैंक (AI Generated Image)
HighLights
नौ प्रखंडों में रक्त संग्रह केंद्र स्थापित होंगे।
ग्रामीण मरीजों को अब स्थानीय स्तर पर खून मिलेगा।
मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत यह पहल।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को जल्द ही खून के लिए मायागंज अस्पताल या अन्य बड़े अस्पतालों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत जिले के नौ प्रखंडों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में रक्त संग्रह केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
स्वास्थ्य विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। केंद्र शुरू होने से पहले संबंधित चिकित्सा पदाधिकारियों और लैब टेक्नीशियनों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। सरकार रेफरल व्यवस्था को मजबूत करने के साथ सीएचसी स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने की दिशा में यह पहल कर रही है।
वर्तमान में जिले में केवल चार रक्त बैंक संचालित हैं, जिनमें जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, सदर अस्पताल और दो निजी रक्त सेंटर शामिल हैं।
जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल के रक्त बैंक की वरीय चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दिव्या सिंह ने बताया कि प्रतिदिन 20 से अधिक ऐसे मरीज पहुंचते हैं, जिन्हें दुर्घटना, प्रसव या अन्य गंभीर कारणों से तत्काल खून की जरूरत होती है। नए रक्त संग्रह केंद्र शुरू होने से ग्रामीण मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में सुविधा होगी और अनावश्यक रेफरल भी कम होंगे।
इन प्रखंडों में खुलेंगे रक्त संग्रह केंद्र
रेफरल व्यवस्था को मजबूत बनाने के तहत बिहपुर, खरीक, गोपालपुर, नारायणपुर, इस्माइलपुर, रंगरा चौक, सबौर, सन्हौला और शाहकुंड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में रक्त संग्रह केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
पहले ऑनलाइन, फिर ऑफलाइन होगा प्रशिक्षण
स्वास्थ्य विभाग ने सिविल सर्जन को पत्र भेजकर संबंधित चिकित्सा पदाधिकारियों, लैब टेक्नीशियनों, रक्त बैंक प्रभारियों और हेल्थ मैनेजरों का विवरण उपलब्ध कराने को कहा है।
पहले सभी को ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद संबंधित रक्त बैंक के प्रभारी, चिकित्सा पदाधिकारी और हेल्थ मैनेजर का ऑफलाइन प्रशिक्षण होगा। विभाग ने इस पूरी प्रक्रिया को तय समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया है।