Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार में अपराधियों के लिए दो ही जगह- या तो जेल नहीं तो गंगा घाट पर अंतिम विदाई, भागलपुर में बोले CM सम्राट चौधरी

    Updated: Sun, 31 May 2026 09:48 PM (IST)

    मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर में कहा कि अपराधियों के लिए या तो जेल है या गंगा घाट पर अंतिम विदाई। उन्होंने विक्रमशिला सेतु का निरीक्षण किया और ...और पढ़ें

    भागलपुर में मुख्यमंत्री का तीखा बयान, अपराधियों को लेकर दी कड़ी चेतावनी

    भागलपुर में मुख्यमंत्री का तीखा बयान, अपराधियों को लेकर दी कड़ी चेतावनी

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण टीम, भागलपुर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि अपराध को जड़ से समाप्त करना मेरा लक्ष्य है। अपराधी की कोई जाति या धर्म नहीं होता। ऐसे लोगों के लिए दो ही जगह है, ये जेल जाएंगे, नहीं तो भागलपुर गंगा घाट पर इन्हें अंतिम विदाई मिलेगी। अपराधियों को पैर में गोली मारने की घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे लोगों को इसलिए लंगड़ा किया जा रहा है ताकि वे याद रखें।

    • अपराधी जेल जाएंगे या फिर भागलपुर घाट पर अंतिम विदाई मिलेगी : सम्राट चौधरी
    • मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार भागलपुर पहुंचे सम्राट चौधरी
    • विक्रमशिला सेतु का किया निरीक्षण, दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए
    • अपराध को जड़ से समाप्त करना सरकार का लक्ष्य
    • पैर में गोली मारने की घटनाओं पर कहा, लंगड़ा इसलिए किया जा रहा ताकि याद रखें


    मुख्यमंत्री बनने के बाद रविवार को पहली बार भागलपुर पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी नाथनगर के पूरणमल बाजोरिया शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र में दो दिवसीय दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर के समापन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने क्षतिग्रस्त विक्रमशिला सेतु पर बन रहे बेली ब्रिज और उसके सामानांतर बन रहे फोरलेन पुल का निरीक्षण किया।

    अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की। दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर में सम्राट ने कहा कि प्रधानमंत्री का सपना विकसित भारत बनाने का है और यह तभी संभव होगा जब बिहार समृद्ध बने। आज बिहार में कानून का राज है। कल एक पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा फोर्स भेज दीजिए, मैंने दो घंटे के अंदर भेज दिया। कोई चैलेंज करेगा तो उसी हिसाब से जवाब मिलेगा।


    मुख्यमंत्री ने 14 करोड़ बिहारियों को सुरक्षित और समृद्ध करने का प्रण दोहराया। कहा कि इस बार 48 प्रतिशत वोट मिले थे। 2029-30 के चुनाव में 70 प्रतिशत वोट पाने का लक्ष्य है। उन्होंने भाजपा की संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी 30 वर्षों गठबंधन में रही और अब अगले 50 साल तक मजबूत खड़ी रहे, इसकी रूपरेखा कार्यकर्ताओं को बनानी है। भाजपा कमिटमेंट वाली पार्टी है। 1950 में जो कहा था, आज भी वही कहती है।

    खबरें और भी

    30 नवंबर तक विक्रमशिला सेतु पर दौड़ने लगेंगी गाड़ियां

    मुख्यमंत्री ने रविवार को भागलपुर पहुंचकर विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से और निर्माणाधीन बेली ब्रिज का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि 30 नवंबर तक विक्रमशिला सेतु को चालू कराने का लक्ष्य है। वे 30 नवंबर को दोबारा भागलपुर आएंगे।

    उम्मीद है कि तब तक सेतु पर वाहनों का परिचालन शुरू हो जाएगा। कहा, तकनीकी जांच में स्पष्ट हुआ है कि सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से समेत कुल तीन स्लैब के सुपर स्ट्रक्चर को बदलने की आवश्यकता है। दो एजेंसियां अपनी जांच रिपोर्ट दे चुकी हैं। तीसरी रिपोर्ट आने के बाद स्लैब बदलने की प्रक्रिया तत्काल शुरू कर दी जाएगी। सेतु पर यातायात बहाल होने तक सरकार की ओर से आम लोगों, निजी व सार्वजनिक वाहनों के आवागमन के लिए निशुल्क व्यवस्था दी जाएगी।

    नवंबर में उद्योगपतियों को बुलाकर पांच लाख करोड़ निवेश का लक्ष्य

    मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंगेर से भागलपुर तक बाढ़ नियंत्रण के लिए ऐसी व्यवस्था की जाएगी, जिससे पानी पूरी तरह गंगा में रहे। उन्होंने बताया कि बिहार में वर्तमान में 10 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन हो रहा है, जिसे 2030 तक बढ़ाकर 20 हजार मेगावाट करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए पीपीपी माडल अपनाया जाएगा।

    मुंगेर-भागलपुर के बीच 83 किलोमीटर लंबा मरीन ड्राइव अगले तीन वर्षों में पूरा करने की योजना है। एनडीए सरकार के एक साल पूरे होने पर 20 नवंबर तक देश के उद्योगपतियों को बुलाकर पांच लाख करोड़ का निवेश कराने का लक्ष्य है, ताकि रोजगार के लिए बाहर न जाना पड़े। स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने के लिए जिला और अनुमंडलीय अस्पतालों को 15 अगस्त तक बेहतर बनाने का निर्देश दिया गया है। कहा, सरकार का प्रयास है कि अगले दो साल में लोग अपने बच्चों का नाम कान्वेंट स्कूल से कटाकर माडल स्कूल में कराने लगे।

    203 करोड़ की 84 योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास

    मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की। इसके पहले समाहरणालय परिसर में भागलपुर जिला अंतर्गत 203 करोड़ रुपये की लागत से 84 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 69 योजनाओं का उद्घाटन तथा 15 योजनाओं का शिलान्यास किया गया।