कांवड़ यात्रा होगी डिजिटल: घर बैठे कर सकेंगे बाबा बैद्यनाथ के दर्शन, इस एप पर मिलेगी सभी सुविधाओं की जानकारी
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अजगैवीनाथ धाम से 'ई-श्रावणी एप' का शुभारंभ किया है, जो श्रावणी मेला में शिवभक्तों की यात्रा को डिजिटल और सुविधाजनक बनाएगा। ...और पढ़ें

E Shravani App Launched। File Photo
ललन तिवारी, भागलपुर। श्रावणी मेला में इस बार शिवभक्तों की यात्रा पूरी तरह डिजिटल होगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को अजगैवीनाथ धाम से 'ई-श्रावणी एप' का शुभारंभ किया है।
जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में ट्रिपल आइटी भागलपुर द्वारा विकसित इस एप पर एसओएस, लाइव भीड़ अपडेट, डिजिटल दर्शन, चिकित्सा सुविधा, पड़ाव, अधिकृत रेट लिस्ट और कांवरिया पथ से जुड़ी अन्य सभी जरूरी जानकारियां एक क्लिक पर उपलब्ध होंगी।
यह एप कांवरियों का डिजिटल सहयात्री बनकर उनकी यात्रा को पहले से अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और सुव्यवस्थित बनाएगा। श्रद्धालु यात्रा शुरू करने से पहले ही एप डाउनलोड कर कांवरिया पथ, प्रशासनिक व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं की पूरी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। यात्रा के दौरान भी उन्हें हर जरूरी सूचना मोबाइल पर मिलती रहेगी।
डिजिटल लोकेटर
ई-श्रावणी एप में कांवरिया पथ पर उपलब्ध सभी आवश्यक सुविधाओं का डिजिटल लोकेटर दिया गया है। इसके माध्यम से श्रद्धालु निकटतम विश्राम स्थल, धर्मशाला, चिकित्सा शिविर, पेयजल केंद्र, शौचालय, चेंजिंग रूम, पार्किंग, बैंकिंग सुविधा तथा भोजन-जलपान केंद्र की सटीक लोकेशन तुरंत देख सकेंगे। आपात स्थिति में एप का एसओएस बटन सीधे कंट्रोल रूम से जोड़ेगा।
जरूरत पड़ने पर एंबुलेंस, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और अग्निशमन सेवा की सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी। एप में सभी प्रमुख थानों, स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य महत्वपूर्ण कार्यालयों के संपर्क नंबर भी उपलब्ध रहेंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एप में रियल टाइम अपडेट की व्यवस्था की गई है। कांवरिया पथ पर भीड़ का घनत्व, मार्ग की स्थिति, प्रशासनिक एडवाइजरी और अन्य जरूरी सूचनाएं लगातार अपडेट होती रहेंगी।
लाइव दर्शन और वर्चुअल पूजा की सुविधा
एप के जरिए श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ के लाइव दर्शन कर सकेंगे। वर्चुअल पूजा, अधिकृत पुजारियों की सूची भी इसमें उपलब्ध रहेंगी।
ये मिलेंगी सुविधाएं
'ई-श्रावणी एप' पर मिलेंगी एसओएस, लाइव भीड़ अपडेट, डिजिटल दर्शन, चिकित्सा, पड़ाव और अधिकृत रेट लिस्ट समेत सभी सुविधाएं
कैसे करें उपयोग?
गूगल प्ले स्टोर खोलें और उसमें ई-श्रावणी (E-Shravani) एप डाउनलोड कर उसका व्यवहार शुरू कर दें। एप में हिंदी या अंग्रेजी माध्यम से सुविधानुसार जानकारी ले सकते हैं।
ई-श्रावणी एप प्रशासनिक सेवाओं को प्रत्येक कांवरिया की हथेली तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा। यह एप श्रद्धालुओं का विश्वसनीय डिजिटल सहयात्री सिद्ध होगा। - अलंकृता पांडे, जिलाधिकारी, भागलपुर