'सम्राट चौधरी मरवा देंगे हमको'; JDU के पूर्व MLA गोपाल मंडल के बयान से बिहार की राजनीति में हलचल
गोपालपुर के पूर्व विधायक गोपाल मंडल ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर जान से मारने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा की हार और ...और पढ़ें
HighLights
सम्राट चौधरी पर जान से मारने की धमकी का आरोप।
बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा की हार पर सवाल उठाए।
तेजस्वी यादव के समर्थन में सरकार पर साधा निशाना।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। अपने अतरंगी बयानों और बेबाक अंदाज को लेकर हमेशा मीडिया की सुर्खियों में रहने वाले गोपालपुर के पूर्व विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल ने एक बार फिर बड़ा सियासी बयान देकर बिहार की राजनीति में हलचल तेज कर दी है।
गुरुवार को राजधानी पटना पहुंचे पूर्व विधायक ने राज्य के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर सीधा हमला बोलते हुए गंभीर आरोप लगाए। जब उनसे सम्राट चौधरी को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा, "मत बोलवाइए... मत बोलवाइए... सम्राट चौधरी मरवा देंगे हमको। राज्य में जो भी सरकार के विरोध में आवाज उठाता है, उसे निशाना बनाया जाता है और प्रताड़ित किया जाता है।" हालांकि, उन्होंने अपने इस आरोप के समर्थन में कोई साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया और खुद को फाइटर बताते हुए कहा कि वे किसी से डरने वाले नहीं हैं।
'बांकीपुर में बीजेपी बेहतर कैंडिडेट देती तो पीके नहीं जीतते'
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नतीजों पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) को घेरते हुए गोपाल मंडल ने कहा कि वहां की जनता काफी जागरूक और बुद्धिजीवी है। बीजेपी ने वहां एक बेहद साधारण प्रत्याशी को मैदान में उतार दिया, जिसके चलते उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि अगर बांकीपुर में बीजेपी कोई बेहतर और मजबूत उम्मीदवार देती, तो प्रशांत किशोर (PK) की पार्टी या उनके समर्थित उम्मीदवार को जीत नहीं मिलती। उन्होंने आगे कहा कि पहले वहां के लोगों ने नीतीश कुमार के चेहरे और काम पर भरोसा जताया था, लेकिन इस बार नीतीश कुमार मुख्य तस्वीर में नहीं थे, जिससे जनता ने प्रशांत किशोर को विकल्प के रूप में चुना।
खबरें और भी
'तेजस्वी के साथ जो हुआ, उन्हें सामने आकर भूचाल ला देना चाहिए'
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के सरकारी आवास और सुरक्षा घटाए जाने के मुद्दे पर गोपाल मंडल ने सरकार की नीयत पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि तेजस्वी लगातार सरकार के खिलाफ बोल रहे हैं, इसलिए उन्हें दबाने की कोशिश की जा रही है।
गोपाल मंडल ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूर्ण नियंत्रण में होते, तो ऐसा कभी नहीं होता। तेजस्वी के साथ जैसा बर्ताव हुआ है, उसमें तो उन्हें खुलकर मैदान में आना चाहिए और राजनीति में भूचाल ला देना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के सरकारी आवास खाली कराने व सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि संवैधानिक पदों पर रह चुके लोगों के साथ गरिमापूर्ण और संवेदनशील व्यवहार होना चाहिए।
जानिए कौन हैं गोपाल मंडल
नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल भागलपुर जिला अंतर्गत नवगछिया अनुमंडल के गोपालपुर विधानसभा सीट से चार बार विधायक रह चुके हैं। अपने अतरंगी अंदाज, बेबाक बयानों और विवादों के कारण वे अक्सर चर्चा में रहते हैं। 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में जदयू द्वारा टिकट न दिए जाने के बाद उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।