भागलपुर-किउल-बख्तियारपुर जंक्शन होकर चलेगी हावड़ा-राजगीर स्पेशल ट्रेन, कोलकाता-जोगबनी एक्सप्रेस में पैंट्री कार मंजूर
पूर्व रेलवे ने बिहार और पश्चिम बंगाल के यात्रियों के लिए दो नई सुविधाओं की घोषणा की है। हावड़ा-राजगीर स्पेशल ट्रेन भागलपुर होकर चलेगी और कोलकाता-जोगबन ...और पढ़ें

पूर्व रेलवे की बड़ी सौगात; कोलकाता-जोगबनी एक्सप्रेस समेत 32 प्रमुख मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में शुरू होगी मिनी पैंट्री सेवा
HighLights
हावड़ा-राजगीर स्पेशल ट्रेन भागलपुर-किउल-बख्तियारपुर मार्ग से चलेगी।
कोलकाता-जोगबनी एक्सप्रेस में मिनी पैंट्री कार सेवा शुरू होगी।
यात्रियों को ताजा और गुणवत्तापूर्ण खान-पान मिलेगा।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। पूर्व रेलवे (Eastern Railway) ने बिहार और पश्चिम बंगाल के रेल यात्रियों के लिए दो बड़ी सुविधाओं का ऐलान किया है। रेल प्रशासन ने यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए हावड़ा और पर्यटन स्थल राजगीर के बीच सप्ताह में तीन दिन विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह स्पेशल ट्रेन भागलपुर-किउल-बख्तियारपुर जंक्शन मार्ग होकर संचालित की जाएगी। रेलवे ने इसका परिचालन शुरू करने के लिए औपचारिक प्रस्ताव तैयार कर संबंधित प्रभाग को भेज दिया है।
इस नई ट्रेन सेवा के शुरू होने से अंग क्षेत्र और सिल्क सिटी भागलपुर के यात्रियों को हावड़ा (कोलकाता) और ऐतिहासिक स्थल राजगीर जाने के लिए एक अतिरिक्त और सुगम सीधी ट्रेन सुविधा मिल जाएगी। लंबी दूरी का सफर तय करने वाले यात्रियों और व्यवसायियों को इससे काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
कोलकाता-जोगबनी एक्सप्रेस में मिलेगी ताजा खान-पान की सुविधा
इसके साथ ही, यात्रियों के सफर को आरामदायक और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से पूर्व रेलवे ने अपने अधिकार क्षेत्र की 32 प्रमुख मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में कैटरिंग (खान-पान) सुविधाएं बहाल करने का बड़ा फैसला लिया है।
इस महत्वपूर्ण योजना के तहत सियालदह डिवीजन द्वारा संचालित कोलकाता-जोगबनी चितपुर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 13159/13160) में मिनी पैंट्री कार (Mini Pantry Car) सेवा शुरू करने की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। अब ट्रेन के भीतर ही यात्रियों को गर्म, ताजा और गुणवत्तापूर्ण खान-पान का सामान उपलब्ध हो सकेगा, जिससे सीमांचल और कोसी क्षेत्र के रेल यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में खाने-पीने की समस्याओं से निजात मिलेगी।
खबरें और भी
विभिन्न रेल यात्री संघों ने जताया आभार
पूर्व रेलवे की इस जनहितैषी और यात्री-अनुकूल पहल का विभिन्न यात्री संगठनों ने सहर्ष स्वागत किया है। बिहार डेली पैसेंजर्स एसोसिएशन के सदस्य बच्छराज राखेचा, इंडो-नेपाल ऑर्गनाइजेशन ऑफ रेल यूजर्स के सदस्य विनोद सरावगी और रेल संघर्ष समिति के संयोजक आजादशत्रु अग्रवाल ने रेल प्रशासन का धन्यवाद व्यक्त किया।
इसके अलावा, बिहार रेल यूजर्स एसोसिएशन के सदस्य चंदन भगत, फारबिसगंज सिविल सोसाइटी के अध्यक्ष मांगीलाल गोलछा तथा रेलवे कम्यूटर्स फोरम के सदस्य राकेश रौशन ने भी संयुक्त रूप से खुशी जाहिर करते हुए कहा कि लंबे समय से कोलकाता-जोगबनी रूट पर पैंट्री कार की मांग की जा रही थी। इस निर्णय से क्षेत्र के दैनिक और दूरदराज के यात्रियों को अत्यंत सुविधा होगी।