किऊल–मालदा और पटना–आसनसोल मेमू स्पेशल शुरू, शेड्यूल जारी; भागलपुर होकर गुजरेगी ट्रेन, भारतीय रेलवे की बड़ी सौगात
गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने किऊल-मालदा टाउन और पटना-आसनसोल मेमू स्पेशल ट्रेनें शुरू की हैं। किऊल-मालदा ट्रेन ...और पढ़ें

किऊल–मालदा व पटना–आसनसोल मेमू स्पेशल शुरू, भागलपुर को बड़ी राहत
HighLights
किऊल-मालदा मेमू स्पेशल 13 से 30 अप्रैल तक चलेगी।
पटना-आसनसोल मेमू स्पेशल भी यात्रियों के लिए शुरू।
भागलपुर होकर चलेगी ट्रेन, यात्रियों को मिलेगी राहत।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। भागलपुर होकर किऊल-मालदा टाउन मेमू स्पेशल (03204/03203) ट्रेन का संचालन सोमवार, 13 अप्रैल से शुरू किया जा रहा है। यह ट्रेन 30 अप्रैल तक प्रतिदिन चलेगी। इसके परिचालन से इस रूट की अन्य ट्रेनों में भीड़ कम होने की उम्मीद है, जिससे यात्रियों को गर्मी में राहत मिलेगी।
यात्रियों को मिलेगी बड़ी सुविधा
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस ट्रेन के चलने से खासकर दैनिक यात्रियों, मजदूरों और प्रवासी लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। भीड़भाड़ कम होने से यात्रियों को बैठने और सफर करने में आसानी होगी। भागलपुर समेत आसपास के स्टेशनों के यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
समय और ठहराव की जानकारी
यह मेमू स्पेशल ट्रेन किऊल से सुबह 6:10 बजे खुलकर दोपहर 3:00 बजे मालदा टाउन पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन मालदा टाउन से शाम 4:00 बजे प्रस्थान कर रात 1:00 बजे किऊल पहुंचेगी। मार्ग में यह ट्रेन अभयपुर, जमालपुर, सुल्तानगंज, भागलपुर, कहलगांव, साहिबगंज, बरहरवा और न्यू फरक्का जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
पटना-आसनसोल मेमू स्पेशल भी चलेगी
रेलवे ने पटना-आसनसोल मेमू स्पेशल (03202/03201) के संचालन की भी घोषणा की है। यह ट्रेन पटना से सुबह 4:35 बजे खुलकर दोपहर 12:45 बजे आसनसोल पहुंचेगी। वापसी में आसनसोल से दोपहर 1:45 बजे चलकर रात 10:10 बजे पटना पहुंचेगी।
खबरें और भी
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
इस मार्ग में यह ट्रेन राजेंद्र नगर, पटना साहिब, फतुहा, बख्तियारपुर, बाढ़, मोकामा, बरहिया, लखीसराय, किऊल, जमुई, झाझा, जसीडीह, मधुपुर और चित्तरंजन सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। इससे बड़ी संख्या में यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।
रेलवे ने दिए आवश्यक निर्देश
रेलवे ने संबंधित विभागों को ट्रेनों में पेयजल, साफ-सफाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। संचालन अवधि समाप्त होने के बाद इन ट्रेनों की उपयोगिता और यात्री संख्या की रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जाएगी, ताकि आगे की रणनीति तय की जा सके।