अगले साल जून तक बनकर तैयार होगा भागलपुर का भोलानाथ पुल, सावन में कांवड़ियों के लिए बनेगा वैकल्पिक रास्ता
विधायक रोहित पाण्डेय ने सावन में कांवरियों की सुविधा के लिए निर्माणाधीन भोलानाथ पुल का निरीक्षण किया। ...और पढ़ें

भोलानाथ कांवरिया पथ का जायजा लेते विधायक रोहित पांडेय। (जागरण)
HighLights
विधायक रोहित पाण्डेय ने भोलानाथ पुल निर्माण का निरीक्षण किया।
कांवरियों के लिए तत्काल वैकल्पिक मार्ग बनाने का निर्देश दिया।
पुल निर्माण में देरी का मुद्दा विधानसभा में उठाया था।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। सावन में बाबा भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए आने वाले कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ के बीच भागलपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित पाण्डेय ने शुक्रवार को निर्माणाधीन भोलानाथ पुल का निरीक्षण किया।
उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेने के साथ बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के प्रोजेक्ट इंजीनियर और जिला प्रशासन के अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के बाद विधायक ने कांवड़ियों की सुविधा को देखते हुए तत्काल वैकल्पिक मार्ग तैयार करने का निर्देश दिया।
विधायक ने कहा कि पुल निर्माण के कारण श्रावण मास में हजारों श्रद्धालुओं और कांवड़ियों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ऐसे में जिला प्रशासन को कांवरिया पथ के लिए शीघ्र वैकल्पिक मार्ग चिह्नित कर उसे आवश्यक सुविधाओं के साथ चालू करना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वैकल्पिक मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश, बैरिकेडिंग और अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
विधायक ने बताया कि पुल निर्माण के तहत कुछ पिलरों के स्लैब की ढलाई दो दिन पहले ही पूरी हुई है। निर्माण मानकों के अनुसार सेंटरिंग 28 दिन बाद ही हटाई जा सकती है। ऐसे में श्रावण मास के दौरान पुल से आवागमन संभव नहीं है।
इसी वजह से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग ही फिलहाल सबसे बेहतर विकल्प है। उन्होंने कहा कि श्रावण मास में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुविधा और सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है।
जिला प्रशासन को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं और उम्मीद है कि जल्द ही कांवड़ियों के लिए सुगम एवं व्यवस्थित वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध करा दिया जाएगा।
विधानसभा में उठाया था मुद्दा
विधायक रोहित पाण्डेय ने यह भी कहा कि भोलानाथ पुल निर्माण में हो रही देरी का मुद्दा उन्होंने बिहार विधानसभा में प्रमुखता से उठाया था।
उनके अनुसार पुल निर्माण में विलंब से प्रतिदिन हजारों लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है, जबकि आसपास के कई परिवार भी प्रभावित हैं।
उन्होंने बताया कि पथ निर्माण विभाग ने विधानसभा में उनके प्रश्न के उत्तर में आश्वस्त किया है कि अगले वर्ष जून तक पुल निर्माण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
विधायक ने कहा कि वह लगातार परियोजना की निगरानी कर रहे हैं और समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित विभागों के संपर्क में हैं।
यह भी पढ़ें- भादो में बंद होगा विक्रमशिला सेतु का बेली ब्रिज, उफनती गंगा के बीच आवागमन को लेकर सहमे लोग