बिहार में सीमांचल के यात्रियों के लिए खुशखबरी, नाहरलागुन-हापा एक्सप्रेस सहित 4 ट्रेनें होंगी नियमित
रेलवे ने नवगछिया होकर चलने वाली नाहरलागुन-हापा एक्सप्रेस सहित चार स्पेशल ट्रेनों को नियमित करने का निर्णय लिया है। वहीं, ...और पढ़ें
-1787553090600_m.webp)
एआई जनरेटेड फोटो
HighLights
नाहरलागुन-हापा एक्सप्रेस समेत चार स्पेशल ट्रेनें नियमित होंगी।
बरियारपुर स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग।
कटौना हाल्ट पर ट्रेनों का ठहराव बहाल करने को धरना।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। नवगछिया होकर अरुणाचल प्रदेश से गुजरात के बीच चलने वाली नाहरलागुन-हापा एक्सप्रेस समेत चार स्पेशल ट्रेनों को रेलवे ने नियमित करने का निर्णय लिया है। नियमित संचालन शुरू होने के बाद ट्रेनों के नंबर भी बदल जाएंगे। ये ट्रेनें बनारस होकर चलेंगी।
रेलवे अधिकारी के अनुसार, 19525 हापा-नाहरलागुन एक्सप्रेस 23 सितंबर से प्रत्येक बुधवार और 19526 नाहरलागुन-हापा एक्सप्रेस 26 सितंबर से प्रत्येक शनिवार चलेगी।
हापा-नाहरलागुन एक्सप्रेस हापा से रात 12:40 बजे रवाना होकर गुरुवार रात 9:31 बजे नवगछिया पहुंचेगी और शुक्रवार शाम चार बजे नाहरलागुन पहुंचेगी।
वहीं, नाहरलागुन-हापा एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार सुबह 9:40 बजे नाहरलागुन से रवाना होगी और रविवार तड़के 2:18 बजे नवगछिया पहुंचेगी।
यात्रियों को इंतजार, बरियारपुर में कब होगा कई ट्रेनों का ठहराव
मुंगेर जिले में अधिक आय देने और कई प्रखंडों के लोगों के लिए उपयोगी होने के बावजूद बरियारपुर रेलवे स्टेशन रेलवे की उपेक्षा झेल रहा है। जमालपुर-भागलपुर रेलखंड पर स्थित इस स्टेशन से खड़गपुर, जमालपुर और मुंगेर सदर अनुमंडल के करीब चार दर्जन गांवों के लोग यात्रा करते हैं।
इसके बावजूद कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव यहां नहीं है। गया-कामाख्या, मालदा-आनंद विहार, अमरनाथ एक्सप्रेस, गोड्डा-गोमतीनगर, तीनसुकिया मेल और पटना-दुमका जैसी ट्रेनों के ठहराव की मांग लंबे समय से की जा रही है।
लोगों का कहना है कि स्पेशल ट्रेनें आसपास के स्टेशनों पर रुकती हैं, लेकिन बरियारपुर को यह सुविधा नहीं मिलती। स्टेशन की सालाना आय करीब छह करोड़ रुपये बताई जाती है।
दिल्ली जाने के लिए यहां केवल विक्रमशिला एक्सप्रेस का ठहराव है, जिसमें भागलपुर से ही काफी भीड़ रहती है। अन्य महानगरों की यात्रा के लिए लोगों को पटना, जमालपुर या भागलपुर जाना पड़ता है।
शंकर कुमार, सुमन कुमार, नीरो कुमार, शंभु सिंह, विकास कुमार, निर्मला देवी, आशा देवी व मंजुलता समेत अन्य लोगों ने सांसद और जिले के जनप्रतिनिधियों से पटना-दुमका और गोमतीनगर एक्सप्रेस का ठहराव बरियारपुर में दिलाने की मांग की है।
कटौना हाल्ट पर ट्रेनों का ठहराव बहाल करने की मांग को लेकर धरना
जमुई के कटौना हाल्ट पर ट्रेनों का ठहराव पूर्ववत बहाल करने की मांग को लेकर रविवार को राष्ट्रीय भ्रष्टाचार मुक्ति मोर्चा के बैनर तले एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। धरने की अध्यक्षता मोर्चा के जिलाध्यक्ष चंद्रचूड़ सिंह ने की। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों और यात्रियों ने रेलवे से कटौना हाल्ट पर पूर्व की तरह ट्रेनों का ठहराव शुरू कराने की मांग की।
जिलाध्यक्ष चंद्रचूड़ सिंह ने कहा कि 09 जनवरी 2025 को कटौना हाल्ट को पुन: स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन 17 माह बीतने के बाद भी यहां ट्रेनों का ठहराव शुरू नहीं कराया गया है। इससे स्थानीय ग्रामीणों और यात्रियों में गहरा आक्रोश है।
चंद्रचूड़ सिंह ने रेल प्रशासन और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि क्षेत्र की इस महत्वपूर्ण मांग की लगातार अनदेखी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि करीब 80 वर्षों से चली आ रही छोटी-सी मांग को लेकर पिछले पांच वर्षों से लगातार धरना और अनशन किया जा रहा है, इसके बावजूद लोकल ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित नहीं हो सका है।
धरना-प्रदर्शन में राजेश कुमार दुबे, अरुण साह, त्रिलोकी साह, चंद्रशेखर तिवारी, दीनबंधु तिवारी सहित कई स्थानीय लोग व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- 22 अक्टूबर से नियमित चलेगी रानी कमलापति-अगरतला एक्सप्रेस, आरा जंक्शन पर दोनों दिशाओं में ठहराव
