Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'सती बिहुला' के नाम से जाना जाएगा नवगछिया रेलवे स्टेशन! सोनपुर मंडल में DRUCC बैठक में 7 ट्रेनों के ठहराव का मुद्दा

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 12:20 AM (IST)

    सोनपुर मंडल की DRUCC बैठक में नवगछिया क्षेत्र की रेल सुविधाओं और विकास पर विस्तृत चर्चा हुई। सदस्य कुमार मिलन सागर ने नवगछिया स्टेशन का नाम 'सती बिहुल ...और पढ़ें

    नवगछिया: DRUCC की बैठक में उठीं 7 ट्रेनों के ठहराव और अंडरपास की मांगें; सांसद व GM को भेजी गई मांग पत्र की कॉपी

    नवगछिया: DRUCC की बैठक में उठीं 7 ट्रेनों के ठहराव और अंडरपास की मांगें; सांसद व GM को भेजी गई मांग पत्र की कॉपी

    HighLights

    1. नवगछिया स्टेशन का नाम 'सती बिहुला' करने की मांग।

    2. स्टेशन परिसर को मंजूषा पेंटिंग से सजाने का प्रस्ताव।

    3. नवगछिया में 7 महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग।

    संवाद सूत्र, नवगछिया (भागलपुर)। पूर्व मध्य रेलवे के सोनपुर मंडल की डिविजनल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (DRUCC) की बैठक में नवगछिया अनुमंडल और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों की समस्याओं व रेल विकास का मुद्दा छाया रहा। DRUCC सदस्य कुमार मिलन सागर ने बैठक में यात्रियों की सुविधाओं और क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई प्रमुख मांगों को मजबूती से उठाया।

    बैठक के उपरांत उन्होंने इन सभी मांगों का एक प्रतिलिपि पत्र भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल तथा पूर्व मध्य रेलवे (हाजीपुर) के महाप्रबंधक (GM) को भी सौंपा।

    नवगछिया स्टेशन के नाम में 'सती बिहुला' जोड़ने और मंजूषा पेंटिंग की मांग

    कुमार मिलन सागर ने नवगछिया की सांस्कृतिक पहचान को रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए नवगछिया रेलवे स्टेशन के नाम के साथ 'सती बिहुला' नाम जोड़ने और पूरे स्टेशन परिसर को अंग प्रदेश की प्रसिद्ध मंजूषा पेंटिंग से सजाने की मांग रखी।

    इसके साथ ही उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नवगछिया स्टेशन पर रुके हुए विकास कार्यों को तत्काल शुरू कराने, निःशुल्क वाटर एटीएम, एस्केलेटर और लिफ्ट लगाने की मांग की।

    अंडरपास, ट्रेन विस्तार और 7 प्रमुख ट्रेनों के ठहराव पर जोर

    यात्रियों की सुविधा और यातायात को सुगम बनाने के लिए बैठक में कई महत्वपूर्ण बिंदु रखे गए:

    • अंडरपास व ढाला: नवगछिया के पश्चिमी ढाला पर अंडरपास का निर्माण कराया जाए और पूर्वी ढाला को पुनः चालू किया जाए।

    • ट्रेनों का ठहराव व विस्तार: नवगछिया में 7 महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव के साथ-साथ जमालपुर-महेशखूंट मेमू ट्रेन का विस्तार नवगछिया तक करने की मांग की गई।

    • कटिहार-भागलपुर एक्सप्रेस: भागलपुर-कटिहार एक्सप्रेस का नियमित संचालन और यात्रियों के समय के अनुकूल समय सारणी में बदलाव की मांग रखी गई।

    • स्थानीय स्टेशन: कटारिया, बिहपुर और नारायणपुर स्टेशनों पर भी एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव, यात्री शेड, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त करने की मांग की गई।

    सांसद अजय मंडल के नेतृत्व में समाधान का विश्वास

    कुमार मिलन सागर ने कहा कि भागलपुर सांसद अजय कुमार मंडल क्षेत्र के विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सांसद इन मांगों को रेल मंत्रालय और शीर्ष अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाकर जल्द समाधान कराएंगे, जिससे लाखों रेल यात्रियों को सहूलियत मिलेगी।