विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ : भागलपुर से नितिन नवीन ने भरी हुंकार; राहुल को परिवार तो मोदी को 140 करोड़ जनता की चिंता

Published: Mon, 02 Nov 2026 12:04 PM (IST)Updated: Mon, 02 Nov 2026 02:00 PM (IST)

Nitin Nabin Bhagalpur Padyatra: भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने भागलपुर में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा का शंखनाद किया, विपक्ष ...और पढ़ें

HighLights

  1. नितिन नवीन ने भागलपुर में 'लोकतंत्र बचाओ' पदयात्रा शुरू की।

  2. राहुल गांधी पर परिवारवाद और संस्थाओं पर सवाल उठाने का आरोप।

  3. पीएम मोदी को 140 करोड़ जनता का सेवक बताया।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Nitin Nabin Bhagalpur Padyatra: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को भागलपुर के ऐतिहासिक लाजपत पार्क से एनडीए के राष्ट्रव्यापी अभियान 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा का विधिवत शंखनाद किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद पहली बार सिल्क सिटी भागलपुर पहुंचे नितिन नवीन ने पदयात्रा से पूर्व आयोजित विशाल जनसभा में कांग्रेस और समूचे विपक्षी गठबंधन पर तीखा राजनीतिक प्रहार किया।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को केवल अपने परिवार के राजनीतिक वजूद की चिंता है, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के 140 करोड़ नागरिकों को अपना परिवार मानते हैं और उनके विकास, सुरक्षा व खुशहाली के लिए समर्पित हैं। प्रधानमंत्री देश के मुख्य सेवक और सजग चौकीदार के रूप में 140 करोड़ जनता के विश्वास पर खरे उतर रहे हैं।

Nitin Naveen Leads NDA Save Democracy March in Bhagalpur (9)

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2014 से पूर्व केंद्र की तत्कालीन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में देश भीषण घोटालों, भ्रष्टाचार और आंतरिक व बाह्य सुरक्षा के गंभीर संकट से जूझ रहा था। किसान, मातृशक्ति, युवा और समाज का प्रत्येक वर्ग व्यवस्था परिवर्तन के लिए छटपटा रहा था। उसी भरोसे और जनआकांक्षा के बल पर देशवासियों ने नरेन्द्र मोदी को सत्ता की बागडोर सौंपी।

आज केंद्र सरकार की पारदर्शी नीतियों और विकास योजनाओं की रोशनी देशभर में दिखाई दे रही है। भाजपा ने अंत्योदय और बुनियादी विकास को ही अपनी राजनीति का मुख्य एजेंडा बनाया, जिसके दम पर 2019 और फिर 2024 के लोकसभा चुनावों में देश की जनता ने एनडीए पर ऐतिहासिक विश्वास जताया।

Nitin Naveen Leads NDA Save Democracy March in Bhagalpur (10)

केरल-तमिलनाडु में जीतें तो लोकतंत्र ठीक, हारें तो संस्थाओं पर सवाल: नितिन नवीन

विपक्ष की अवसरवादी राजनीति और दोहरे चरित्र को उजागर करते हुए नितिन नवीन ने तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि जब विपक्षी दल तमिलनाडु या केरल में चुनाव जीतते हैं, तब उन्हें देश का लोकतंत्र बिल्कुल सुरक्षित और मजबूत नजर आता है। लेकिन जैसे ही जनता उन्हें नकार देती है, वे अपनी विफलता छिपाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं, चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची पर अनर्गल सवाल खड़े करने लगते हैं। उन्होंने याद दिलाया कि जब चुनाव आयोग ने राहुल गांधी को उनके बेबुनियाद आरोपों पर साक्ष्यों के साथ खुली बहस और चर्चा की सार्वजनिक चुनौती दी थी, तब वे मैदान छोड़कर भाग खड़े हुए और आयोग के सामने अपनी बात रखने की हिम्मत नहीं जुटा सके।

Nitin Naveen Leads NDA Save Democracy March in Bhagalpur (2) 

विदेशी ताकतों के साथ मिलकर लोकतंत्र कमजोर करने की साजिश

भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्यक्ष ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी विदेशी ताकतों के इशारे पर उनके साथ मिलकर भारत की सुदृढ़ लोकतांत्रिक छवि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धूमिल व कमजोर करने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, भारत का लोकतंत्र इतना जीवंत, परिपक्व और अटूट है कि दुनिया की कोई भी विभाजनकारी ताकत इसे कमजोर नहीं कर सकती। देश की जनता का भरोसा प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों और राष्ट्र प्रथम के संकल्प पर पूरी तरह अडिग है।

अगली बार विपक्ष की कुर्सी भी नहीं बचेगी

न‍ित‍िन नवीन ने विपक्ष को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि लोकतंत्र की असली मालिक जनता जनार्दन है, जो सब कुछ बारीकी से देख रही है और समय आने पर वोट की चोट से अपना फैसला सुनाती है। यदि विपक्ष ने अपनी नकारात्मक भूमिका नहीं छोड़ी और जिम्मेदार आचरण नहीं अपनाया, तो उसकी राजनीतिक जमीन पूरी तरह खिसक जाएगी। उन्होंने कहा कि आज जो विपक्ष की कुर्सी उन्हें मिली है, आगामी चुनावों में जनता का गुस्सा उन्हें उस कुर्सी के भी लायक नहीं छोड़ेगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आह्वान किया कि अंग प्रदेश की इस क्रांतिकारी धरती से शुरू हुआ यह जन-जागरण अभियान पूरे बिहार और देश में अराजकता व भ्रम फैलाने वाली ताकतों को बेनकाब करेगा।

Nitin Naveen Leads NDA Save Democracy March in Bhagalpur (1)

1300 मीटर का विशाल पैदल मार्च, घंटाघर पर होगा समापन

संबोधन के पश्चात राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा का औपचारिक आगाज हुआ। कार्यक्रम संयोजक नितेश सिंह के अनुसार, पदयात्रा कुल 1300 मीटर की परिधि में निकाली जा रही है। लाजपत पार्क से शुरू होकर यह विशाल पैदल मार्च खरमनचक और भामाशाह चौक होते हुए ऐतिहासिक घंटाघर चौक पहुंचेगा, जहां पदयात्रा का विधिवत समापन होगा। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन हवाई अड्डा प्रस्थान करेंगे और वहां से विशेष हेलीकॉप्टर द्वारा पूर्णिया के लिए रवाना होंगे।

इससे पूर्व, हवाई अड्डे पर उतरने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का एनडीए नेताओं द्वारा भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया, जहां से तिलकामांझी, आदमपुर और मानिक सरकार चौक होते हुए उनका काफिला लाजपत पार्क पहुंचा था।

Nitin Naveen Leads NDA Save Democracy March in Bhagalpur (3)

संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने वालों को जनता देगी जवाब: नीतीश मिश्रा

ब‍िहार के नगर व‍िकास मंत्री (भागलपुर जिल प्रभारी मंत्री) नीतीश मिश्रा ने पदयात्रा के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए विपक्ष पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग एक स्वायत्त व संवैधानिक संस्था है, लेकिन कुछ राजनीतिक दल जनता को लगातार दिगभ्रमित करने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि जब विरोधी दल चुनाव जीतते हैं तो व्यवस्था सही मानी जाती है, और जहां जनता उन्हें नकार देती है, वहां वे बिना आधार के वोट चोरी का अनर्गल प्रलाप शुरू कर देते हैं।

nitin naveen leads nda save democracy march in bhagalpur (13)

प्रभारी मंत्री ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल विशेष मतदाता संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर देश और प्रदेश में जानबूझकर संशय का माहौल बना रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एसआईआर प्रक्रिया के तहत 65 लाख ऐसे नाम हटाए गए जो या तो मृत हो चुके थे, स्थानांतरित हो गए थे या जिनके नाम दोहरी प्रविष्टि में थे, जबकि साढ़े 21 लाख नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े गए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर उमड़ी यह विशाल भीड़ विपक्ष के हर दुष्प्रचार का लोकतांत्रिक जवाब है।

Nitin Naveen Leads NDA Save Democracy March in Bhagalpur (11)

विपक्ष लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने में जुटा: विजय कुमार चौधरी

बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि आज देश में लोकतंत्र को बचाने की सख्त जरूरत है, क्योंकि विपक्ष लगातार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का सुनियोजित प्रयास कर रहा है। चुनाव आयोग पर अनर्गल आरोप लगाए जा रहे हैं और सुप्रीम कोर्ट पर भी अनुचित दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि भारत में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पूरी तरह पारदर्शी और प्रामाणिक है; दुनिया भर के लोकतांत्रिक देश भारत की चुनाव प्रक्रिया को समझने और सीखने आते हैं।

Nitin Naveen Leads NDA Save Democracy March in Bhagalpur (4)

उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब कर्नाटक और तेलंगाना में सत्ता में आती है तब उसे चुनावी व्यवस्था पर पूरा भरोसा होता है, लेकिन दूसरे राज्यों में पराजय मिलते ही पूरी प्रक्रिया को कटघरे में खड़ा कर दिया जाता है। यह विपक्ष का दोहरा राजनीतिक चरित्र है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक मर्यादाओं पर विश्वास बनाए रखना हर राजनीतिक दल का दायित्व है।

राहुल गांधी देश विरोधी ताकतों की कठपुतली: शाहनवाज हुसैन

पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर तीखा वार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पूरी तरह देश विरोधी ताकतों के हाथों की कठपुतली बन चुके हैं और देश में सुनियोजित तरीके से अराजकता फैलाने का काम कर रहे हैं। विपक्ष के दावों को खारिज करते हुए उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है; केंद्र में वर्ष 2029 में भी पूर्ण बहुमत से एनडीए की सरकार बनेगी और 2034 के आम चुनाव में भी प्रचंड जीत हासिल होगी।

वहीं, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि अंग प्रदेश की ऐतिहासिक धरती से शुरू हुई यह पदयात्रा पूरे राज्य में राजनीतिक चेतना का प्रसार करेगी। इसके जरिए आम जनता को विपक्ष द्वारा संविधान और आरक्षण के नाम पर किए जा रहे सियासी खिलवाड़ और दुष्प्रचार की जमीनी सच्चाई से अवगत कराया जाएगा।

राहुल-तेजस्वी को जनता ने नकारा, विपक्ष में मची है बौखलाहट: संजय सरावगी

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कांग्रेस और राजद पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को जनता पहले ही पूरी तरह नकार चुकी है, जिसकी शुरुआत बिहार की धरती से हुई थी। लगातार मिल रही पराजय से विपक्ष में भारी बौखलाहट है, इसी हताशा में उनके नेता प्रधानमंत्री के माता-पिता तक पर अनर्गल बयानबाजी करने पर उतर आए हैं।

उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में भी जनता विपक्ष को उसकी असलियत दिखा देगी। जब-जब हार सामने दिखती है, विरोधी दल जनता में भ्रम फैलाने की साजिश रचने लगते हैं। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव आज तक यह साबित नहीं कर पाए कि मतदाता सूची (एसआईआर) से किसी का नाम गलत ढंग से काटा गया है। मुद्दों के दिवालियापन से जूझ रहा विपक्ष केवल मनगढ़ंत आरोप लगाकर जनता को गुमराह कर रहा है।

Nitin Naveen Leads NDA Save Democracy March in Bhagalpur (5)

बंगाल को बांग्लादेश बनाने वालों को जनता ने दिया जवाब: राजेश वर्मा

खगड़िया सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि बंगाल को बांग्लादेश बनाने की साजिश रचने वालों को वहां की जनता ने अपने कड़े फैसले से करारा जवाब दिया है। जिस तरह बांग्लादेश के हालात का हवाला देकर बंगाल के राजनीतिक माहौल और सत्ता परिवर्तन पर चर्चाएं हो रही थीं, उसमें जनता ने अपनी लोकतांत्रिक भूमिका निभाते हुए बदलाव का रास्ता चुना। बंगाल की जनता ने अपने स्पष्ट जनादेश से यह संदेश दे दिया है कि तुष्टिकरण और अराजकता की राजनीति को अब किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

2014 के बाद देश में आया बड़ा बदलाव, विपक्ष कर रहा गुमराह: दीपक प्रकाश

पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि कुर्बानियों के बाद बने संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के इतिहास को याद रखना जरूरी है। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व संभालने के बाद देश की आर्थिक-सामाजिक स्थिति बदली और जनकल्याणकारी योजनाएं घर-घर तक पहुंचीं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विरोधी दल विकास पर बात करने के बजाय केवल नेतृत्व पर सवाल उठाकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। देश के नेतृत्व को कमजोर करने की ऐसी कोशिशों से जनता को सतर्क रहना होगा।

Nitin Naveen Leads NDA Save Democracy March in Bhagalpur (6)

मोदी-सम्राट की सरकार जनता के सपने पूरा करने को प्रतिबद्ध: रामनारायण मंडल

पूर्व मंत्री रामनारायण मंडल ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार आम जनता के हर सपने और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। डबल इंजन सरकार जनहित को सर्वोपरि रखकर काम कर रही है। क्षेत्र में जनता से जुड़े जो भी विकास कार्य या योजनाएं लंबित हैं, उन्हें तय समयसीमा के भीतर प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों में कांग्रेस को जड़ से उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।

पीएम मोदी अपने काम से बना रहे पहचान, योजनाओं का दिख रहा असर: कहकशां परवीन

पूर्व राज्यसभा सांसद कहकशां परवीन ने कहा कि देश की जनता पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की नीतियों और कार्यशैली से पूरी तरह ऊब चुकी थी। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मूल मंत्र के साथ देश की बागडोर संभाली। आज केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सकारात्मक असर हर वर्ग और हर क्षेत्र में साफ दिखाई दे रहा है। प्रधानमंत्री अपने ऐतिहासिक कार्यों और फैसलों से जनता के दिलों में अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री संगठन और सहयोगी दलों को पूरी एकजुटता के साथ लेकर आगे बढ़ रहे हैं, जिससे विपक्षी दलों में राजनीतिक छटपटाहट है।

Nitin Naveen Leads NDA Save Democracy March in Bhagalpur (8)

नितिन नवीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना बिहार के लिए गौरव: विधायक

भागलपुर के विधायक रोहित पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का पूरा फोकस बिहार के चौतरफा विकास पर है। यह पूरे बिहार के लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि पार्टी का सर्वोच्च दायित्व संभाल रहे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इसी माटी से आते हैं। उनके नेतृत्व में बिहार के कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है।

वहीं नाथनगर के विधायक मिथुन यादव ने कहा कि डबल इंजन सरकार में बिहार के कोने-कोने में बुनियादी विकास कार्य धरातल पर उतर रहे हैं। भाजपा के शीर्ष पद पर बिहार के लाल नितिन नवीन की ताजपोशी से प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट गौरव और नई राजनीतिक पहचान मिली है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से जुटी हैं।

nitin naveen leads nda save democracy march in bhagalpur (15)

खलीफाबाग से हवाई अड्डा के लिए निकले नितिन नवीन

लाजपत पार्क से घंटाघर की ओर बढ़ रही पदयात्रा जब खलीफाबाग चौक के समीप पहुंची, तब राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पदयात्रा से बाहर निकलकर सीधे भागलपुर हवाई अड्डे के लिए रवाना हो गए। वहां से वे विशेष हेलीकॉप्टर द्वारा पूर्णिया होते हुए पश्चिम बंगाल के दौरे के लिए प्रस्थान कर गए।

उल्लेखनीय है कि नितिन नवीन का आगमन भी पूर्णिया के रास्ते ही भागलपुर हुआ था। पूर्णिया हवाई अड्डे पर पहुंचने के दौरान बिहार सरकार के मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल और विधायक कृष्ण कुमार ऋषि ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया था। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर से भागलपुर पहुंचे थे और कार्यक्रम में शामिल होने के उपरांत पुनः उसी मार्ग से आगे के निर्धारित कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए।

Nitin Naveen Leads NDA Save Democracy March in Bhagalpur (7)

नवगछिया व बांका से पहुंचे कार्यकर्ता, एनडीए नेताओं का भारी जुटान

पदयात्रा और सभा स्थल पर एनडीए गठबंधन के तमाम घटक दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं का भारी जुटान देखने को मिला। भागलपुर शहर के अलावा नवगछिया पुलिस जिले और पड़ोसी बांका जिले से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पदयात्रा में शामिल होने पहुंचे। भागलपुर के भाजपा ज‍िला अध्‍यक्ष संतोष कुमार ने अपने राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष तो तलवार भेंट की। अंग वस्‍त्र देकर भागलपुर की नगरी में स्‍वागत क‍िया। स्‍थानीय प्रतीक च‍िह्न द‍िए। कार्यक्रम का संचालन नीतेश सिंह ने क‍िया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने 'भारत माता की जय', 'वंदे मातरम' और 'नरेंद्र मोदी जिंदाबाद' के जमकर नारे लगाए, जिससे पूरा परिसर गूंज उठा।

इस दौरान मुख्य रूप से महापौर डॉ. बसुंधरा लाल, सांसद अजय कुमार मंडल, राजस्व और भूमि सुधार मंत्री दिलीय जायसवाल, एमएलसी डॉ. एनके यादव, विधायक शुभानंद मुकेश, विधायक ललित नारायण मंडल, बिहार प्रदेश भाजपा महामंत्री डॉ. प्रीति शेखर, पवन मिश्रा, द‍िलीप म‍िश्रा, डॉ. ब‍िहारी लाल, डॉ. मृणाल शेखर, अर्ज‍ित शाश्‍वत चौबे, चंदन ठाकुर, बंटी यादव, प्राण‍िक बाजपेयी, प्रतीक, बंटी म‍िश्रा 'संतोष', अश्‍व‍िनी जोशी मोंटी, नंद‍िकेश शांड‍िल्‍य, नीलराज, दीपक शर्मा, संदीप शर्मा, अभिनव सिंह, गुड्डू राय, देवव्रत घोष, प्रणव दा, श्वेता सुमन, श्वेता सिंह, योगेश पांडेय, डोली मंडल, माला सिंह, रूपा रानी साह, मनीष दास, मुकेश हर‍ि, राजकिशोर सिंह सहित जदयू जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता, जदयू नेता सुड्डू साईं के अलावा एनडीए के कई प्रमुख पदाधिकारी और वरिष्ठ कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- भागलपुर पहुंचे नितिन नवीन; 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा शुरू, लाजपत पार्क से घंटाघर तक NDA का शक्ति प्रदर्शन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।