यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 13, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
'मेमोरी लॉस मुख्यमंत्री', सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार पर कसा तंज, बोले- PM बनने का ख्याली पुलाव पका रहे
Samrat Chaudhary बिहार में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने एकबार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। उन्होंने सीएम पर ...और पढ़ें

HighLights
- नवगछिया पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बिहार सरकार पर बोला हमला
- मारवाड़ी विवाह भवन में कार्यकर्ता सम्मेलन को किया संबोधित
- सम्राट चौधरी ने कार्यकर्ताओं को बताया संगठन की रीढ़
संवाद सूत्र, नवगछिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री बनने का ख्याली पुलाव पका रहे हैं, जो कभी संभव नहीं है।
उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को मेमोरी लॉस मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि वह इतनी बार पलटासन हो गए हैं कि लोगों का विश्वास अब उन पर से उठ गया है।
पूरे प्रदेश में अपराध से लेकर भ्रष्टाचार चरम पर है। अब नीतीश से बिहार संभल नहीं रहा है। जनता उन्हें अब मुख्यमंत्री पद से हटाएगी।
दरअसल, शनिवार को नवगछिया मारवाड़ी विवाह भवन में सम्राट चौधरी कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
कार्यकर्ता संगठन की रीढ़
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता संगठन के रीढ़ होते हैं। उन्हीं की बदौलत आज भारतीय जनता पार्टी दो सीट से देश व कई राज्यों में अपनी सरकार बनाकर विकास कार्यों को अंजाम दे रही है।
इन कार्यकर्ताओं की बदौलत आगामी 2024 व 2025 का चुनाव भारतीय जनता पार्टी बिहार में भारी बहुमत से जीतेगी। सम्राट चौधरी ने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का निर्देश दिया।
हर घर फहराएंगे तिरंगा
उन्होंने कहा कि 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा मेरी माटी, मेरा देश कार्यक्रम के तहत भाजपा कार्यकर्ता व नेता शहीदों के घर जाकर उनके घर की मिट्टी एक कलश में एकत्रित करेंगे और उनके परिवार को सम्मानित करेंगे।
सम्मेलन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मुक्तिनाथ निषाद ने की। इस मौके पर विधायक ई शैलेंद्र, ललन पासवान, विधान पार्षद एनके यादव, पूर्व सासंद अनिल यादव, प्रभारी अभय वर्मन, पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद मंडल, सुबोध कुशवाहा, गुलाबी सिंह, आलोक सिंह ने सम्मेलन को संबोधित किया।
गो पूजन भी किया
इस कार्यक्रम के पूर्व नवगछिया बाजार स्थित गोपाल गोशाला में गो पूजन भी किया गया। प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने गोशाला में ही स्थित शिव मंदिर में उन्होंने भगवान शिव की पूजा-अर्चना भी की, जहां पर भाजपा जिला महामंत्री मुकेश राणा के नेतृत्व में उन्हें मंजूषा पेंटिंग से सम्मानित किया गया।
शहीद के घर की मिट्टी कलश में जमा की
कार्यक्रम के उपरांत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने नवगछिया के अमर शहीद मुंशी साह की पुण्यतिथि के पूर्व संध्या पर उनके नाम पर बने अमर शहीद मुंशी पुस्तकालय में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनके घर की मिट्टी को अमृत कलश में जमा किया।
खबरें और भी
इस दौरान नवगछिया में मुहर्रम के दौरान बम के छींटे लगने एक आंख गंवाने वाली पीड़िता राधा कुमारी के घर जाकर उसके दर्द को सुना। उसे आश्वासन दिया कि पार्टी आपके साथ हमेशा खड़ी है। आपके इलाज के लिए पार्टी हर संभव मदद करेगी।