Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    श्रावणी मेला 2026 : अजगैवीनाथ धाम में खुलेंगे 15 थाने, कांवड़िया वेश में पुलिस और 13 जगह लगेंगे स्वास्थ्य शिविर

    Updated: Fri, 24 Jul 2026 11:28 AM (IST)

    विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला के लिए अजगैवीनाथ धाम में तैयारियां जोरों पर हैं, जिसमें जिला प्रशासन कांवड़ियों की सुगम और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित कर रह ...और पढ़ें

    भागलपुर: श्रावणी मेले में तैनात रहेंगे कांवरिया वेश में पुलिसकर्मी

    भागलपुर: श्रावणी मेले में तैनात रहेंगे कांवरिया वेश में पुलिसकर्मी

    संवाद सूत्र, अजगैवीनाथ धाम (भागलपुर)। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला के शुरू होने में महज पांच दिन शेष रह गए हैं। कांवड़ियों को सुगम और सुरक्षित यात्रा का अनुभव देने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। गुरुवार को जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय और एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने नमामि गंगे घाट और मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।

    गंगा घाटों का किया निरीक्षण

    डीएम और एसएसपी ने अधिकारियों के साथ नमामि गंगे घाट पर उद्घाटन स्थल, पंडाल, घाटों पर की गई बैरिकेडिंग, पार्किंग और जर्मन हैंगर टेंट सिटी का जायजा लिया। इसके बाद अधिकारियों ने बाबा अजगैवीनाथ मंदिर पहुंचकर अरघा प्रणाली और परिक्रमा पथ की व्यवस्थाओं को देखा और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

    80 प्रतिशत तैयारियां हुई पूरी

    निरीक्षण के दौरान पार्वती मंदिर जाने वाले क्षतिग्रस्त लोहे के पुल को अविलंब बंद करने और श्रद्धालुओं के लिए वैकल्पिक मार्ग शुरू करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने बताया कि अब तक 80 प्रतिशत कार्य पूरे हो चुके हैं। इस बार गंगा घाटों की बैरिकेडिंग में जाली लगाई गई है, जिससे सुरक्षा और पुख्ता हुई है।

    13 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर

    मेला क्षेत्र में देश-विदेश से आने वाले कांवड़ियों के लिए 13 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। चूंकि बांग्ला सावन शुरू हो चुका है, इसलिए डीएम के निर्देश पर नमामि गंगे घाट, कृष्णगढ़ नियंत्रण कक्ष, नारद पुल और धांधी बेलारी समेत 5 जगहों पर स्वास्थ्य सेवाएं गुरुवार से ही शुरू कर दी गई हैं।

    खबरें और भी

    24 घंटे उपलब्ध रहेगी एम्बुलेंस

    सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. कुंदन भाई पटेल ने बताया कि शेष शिविर भी तय समय से पहले लगा दिए जाएंगे। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर तीन पालियों में डॉक्टर, एएनएम और मेडिकल स्टाफ तैनात रहेंगे। नमामि गंगे घाट, सीढ़ी घाट और धांधी बेलारी में 24 घंटे एम्बुलेंस तैनात रहेगी तथा दवाओं का पर्याप्त स्टॉक कर लिया गया है।

    हाईटेक होगी सुरक्षा व्यवस्था

    एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि मेले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। पूरे मेला क्षेत्र में 15 से 16 सहायक पुलिस थाने और यातायात नियंत्रण के लिए ट्रैफिक थाने खोले जाएंगे। 26 जुलाई से अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती कर दी जाएगी।

    कांवड़िया वेश में रहेगी पुलिस

    मेला क्षेत्र में असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। सादे कपड़ों के साथ-साथ पुलिसकर्मी 'बोल बम' और कांवड़िया के वेश में भी मुस्तैद रहेंगे ताकि चोर-उचक्कों पर पैनी नजर रखी जा सके।