Vikramshila Setu Update: बिहार में विक्रमशिला सेतु की मरम्मत का काम टला, फिलहाल नहीं हटाया जाएगा बेली ब्रिज
Vikramshila Setu पर 29 अगस्त से शुरू होने वाला मरम्मत कार्य गंगा के बढ़ते जलस्तर और संभावित बाढ़ के कारण ...और पढ़ें
-1787469826453_m.webp)
विक्रमशिला सेतु पर बना बेली ब्रिज। फोटो जागरण
HighLights
विक्रमशिला सेतु मरम्मत कार्य 29 अगस्त से टला।
गंगा के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ के कारण फैसला।
पूर्वी बिहार की आबादी को मिली बड़ी राहत।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। आखिरकार दैनिक जागरण का महती प्रयास रंग लाया। पूर्व बिहार की बड़ी आबादी को बड़ी राहत मिली है। अब 29 अगस्त से विक्रमशिला सेतु पर आवागमन बंद नहीं होगा।
गंगा के बढ़ते जलस्तर और संभावित बाढ़ के चलते सरकार ने यह अहम फैसला लिया है। जनमानस की गुहार-निवेदन पर क्षतिग्रस्त विक्रमशिला सेतु का पुनर्स्थापन कार्य की तिथि आगे बढ़ाने की घोषणा की गई है।
नई डेडलाइन तय होने तक सेतु पर वाहनों का परिचालन पूर्ववत जारी रहेगा। शनिवार को पटना में हुई उच्च स्तरीय बैठक में इस पर सहमति बनी।
सोमवार को पथ निर्माण विभाग के सचिव के दिल्ली से लौटने के बाद नई तिथि पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। बता दें कि जागरण सेतु बंद करने से लाखों लोगों को होने वाली परेशानी को लगातार प्रमुखता से उठा रहा था।
बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक जितेंद्र कुमार ने बताया कि गंगा का जलस्तर बढ़ने, संभावित बाढ़ और मौजूदा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विक्रमशिला सेतु पुनर्स्थापन कार्य की तिथि आगे बढ़ाई जा रही है।
बीआरओ को भी सूचना दे दी गई है। उन्होंने सेतु को दो हिस्सों में बांटकर पुनर्स्थापन कार्य कराने संबंधी फैसले से भी साफ इन्कार किया है।
लगातार बढ़ रहा गंगा नदी का जलस्तर
पुल निर्माण निगम के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उफनती गंगा के बीच पुनर्स्थापन कार्य में तकनीकी दिक्कतें आ सकती हैं। सेतु बंद होने पर भागलपुर-नवगछिया के बीच आवागमन ठप हो सकता है।
वहीं, 28 अगस्त तक श्रावणी मेला है। जिसमें नवगछिया, कटिहार, सहरसा, बेगूसराय, पूर्णिया, मधेपुरा और सिलीगुड़ी समेत विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कांवरिया बाबाधाम की यात्रा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि तमाम पहलुओं को देखते हुए सेतु का सुदृढ़ीकरण कार्य आगे बढ़ाया गया है। गंगा का जलस्तर कम होने के बाद ही पुनर्स्थापन कार्य की नई तिथि तय की जाएगी। आम लोगों की परेशानी और मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए कार्य टालने का फैसला किया गया।
बेली ब्रिज की जगह बनेगा ट्रस पुल
पुनर्स्थापन कार्य के क्रम में सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से पर नए स्लैब लगाए जाएंगे। इन हिस्सों में स्टील स्ट्रक्चर यथा 35 मीटर लंबा ट्रस ब्रिज बनाया जाना है। इसके अलावा नवगछिया की ओर 12 मीटर तथा भागलपुर की ओर 24-24 मीटर के हिस्से में भी ट्रस स्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा। इससे पहले स्टील गर्डर लगाए जाएंगे।
बेयरिंग बदलने के साथ एक्सपेंशन ज्वाइंट भी बदले जाएंगे। पुनर्स्थापन कार्य में करीब तीन माह लगने का अनुमान है। कार्य पूरा होने के बाद सेतु फिर से दो लेन में संचालित होगा और इस पर 30 टन तक के वाहनों के परिचालन की योजना है।
