आरा-बक्सर हाइवे पर दिनदहाड़े हुई लूटकांड का 12 घंटे में खुलासा, 3 बदमाश गिरफ्तार
आरा-बक्सर एनएच 922 पर दिनदहाड़े हुई लूटपाट का पुलिस ने 12 घंटे में खुलासा कर दिया है। इस मामले में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। ...और पढ़ें
-1779625201542_m.webp)
पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार। (जागरण)
HighLights
आरा हाइवे लूटकांड का 12 घंटे में खुलासा।
तीन बदमाश गिरफ्तार, देसी पिस्टल बरामद।
पीड़ित से ऑनलाइन 28 हजार ट्रांसफर कराए थे।
जागरण संवाददाता, आरा। गजराजगंज ओपी क्षेत्र के आरा-बक्सर एनएच 922 पर कारीसाथ छोटी पुल के समीप दिनदहाड़े हुई लूटकांड का पुलिस ने महज 12 घंटे के अंदर राजफाश कर दिया।
इस मामले में पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से कांड में प्रयुक्त एक देसी पिस्टल एवं दो मोबाइल बरामद किए गए हैं।
रविवार को प्रेस वार्ता में सदर एसडीपीओ वन राजकुमार साह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में गजराजगंज ओपी के कारीसाथ गांव निवासी ऋतिक कुमार, सत्यम सिंह एवं आकाश उर्फ बिटू यादव शामिल हैं।
इनमें ऋतिक कुमार के पास से देसी पिस्टल बरामद की गई है। जब्त मोबाइल की जांच में ऑनलाइन राशि ट्रांसफर कराए जाने की पुष्टि हुई है।
पुलिस के अनुसार, शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौंटी गांव निवासी काशी नाथ तिवारी के पुत्र चंदन कुमार 23 मई को पूर्वाह्न करीब 11:45 बजे बाइक से आरा से अपने गांव लौट रहे थे।
खाते से करवा लिए थे ट्रांसफर
इसी दौरान कारीसाथ छोटी पुल के समीप शौच के लिए रुके थे। तभी तीन बदमाशों ने पिस्टल के बल पर उन्हें कब्जे में लेकर पुल के नीचे ले गए थे। वहां मारपीट कर भय दिखाते हुए उनके खाते से जबरन 28 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए थे।
घटना के बाद बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद गजराजगंज ओपी प्रभारी चंचल महथा के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
मानवीय एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर सबसे पहले देसी पिस्ताैल समेत ऋतिक कुमार को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर सत्यम सिंह एवं आकाश उर्फ बिटू यादव को भी दबोच लिया गया।
छापेमारी टीम में दारोगा धनंजय सिंह, सोनी कुमारी, एएसआई मनीष कुमार एवं पंचानन पासवान शामिल थे। पुलिस अब उस बैंक खाते की भी जांच कर रही है, जिसमें राशि ट्रांसफर कराई गई थी। कांड में शामिल दो अन्य लाइनरों की तलाश जारी है।
तीन साल पूर्व हत्या कांड में भी संलिप्त था ऋतिक
गजराजगंज ओपी प्रभारी चंचल महथा ने बताया कि कारीसाथ गांव में सात नवंबर 2023 को यज्ञ देखकर लौट रहे रोहित सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
उस मामले में दर्ज प्राथमिकी में ऋतिक कुमार भी आरोपित था। पुलिस के अनुसार, पूर्व से उसका आपराधिक इतिहास रहा है और हाल के दिनों में पुनः आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हो गया था।
यह भी पढ़ें- मुर्गे के खून से रचा खुद की 'हत्या' का नाटक, फिर प्रेमी संग हुई फरार; महाराष्ट्र से बरामद हुई बिहार की किशोरी
यह भी पढ़ें- सुपौल में शराब तस्करों की कार ने JDU नेता को कुचला, अस्पताल में मौत; 2 आरोपी गिरफ्तार