Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आरा जंक्शन पर आधुनिक लॉन्ड्री, ट्रेनों की चादर-तकिया धुलाई अब यहीं; साउथ बिहार, कैपिटल और गरीब रथ समेत कई ट्रेनों को होगा लाभ

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 04:01 PM (IST)

    आरा जंक्शन पर यात्रियों के लिए ट्रेनों में इस्तेमाल होने वाले बेडरोल की धुलाई हेतु ₹5 करोड़ की लागत से आधुनिक लॉन्ड्री स्थापित की जा रही है। ...और पढ़ें

    ट्रेनों को मिलेगा सीधा लाभ(AI फोटो)

    ट्रेनों को मिलेगा सीधा लाभ(AI फोटो)

    HighLights

    1. आरा जंक्शन पर ₹5 करोड़ की आधुनिक लॉन्ड्री स्थापित होगी।

    2. प्रतिदिन 8-10 टन लिनेन की धुलाई क्षमता होगी।

    3. स्थानीय स्तर पर 120 लोगों को रोजगार मिलेगा।

    जागरण संवाददाता, आरा(भोजपुर)। दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत आरा जंक्शन पर ट्रेनों में यात्रियों को उपलब्ध कराए जाने वाले बेडशीट, चादर, तकिया और तौलिया की धुलाई के लिए आधुनिक लॉन्ड्री स्थापित की जाएगी।

    रेलवे ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह परियोजना रेलवे के टर्नकी मॉडल पर विकसित की जाएगी।

    पटना-दानापुर पर निर्भरता होगी खत्म

    लॉन्ड्री शुरू होने के बाद बेड रोल की धुलाई के लिए आरा जंक्शन को पटना, दानापुर और दीघा की लॉन्ड्री पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

    इससे परिवहन खर्च और समय दोनों की बचत होगी। यहां धुले लिनेन की आपूर्ति आरा के साथ-साथ दानापुर और पटना की ट्रेनों तक भी करने की योजना है।

    रोजाना 8 से 10 टन लिनेन की होगी धुलाई

    प्रस्तावित लॉन्ड्री में करीब 50 आधुनिक वाशिंग मशीन, ड्राइंग मशीन और प्रेसिंग मशीन लगाई जाएंगी। यह इकाई तीन शिफ्ट में संचालित होगी और प्रतिदिन 8 से 10 टन लिनेन की धुलाई की क्षमता रखेगी। एक शिफ्ट (आठ घंटे) में लगभग एक हजार बेड रोल सेट तैयार किए जा सकेंगे।

    इन प्रमुख ट्रेनों को मिलेगा सीधा लाभ

    नई लॉन्ड्री का लाभ साउथ बिहार एक्सप्रेस, कैपिटल एक्सप्रेस, गरीब रथ एक्सप्रेस, आरा-रांची एक्सप्रेस और बक्सर-टाटानगर ट्रेन सहित उन ट्रेनों को मिलेगा, जिनमें यात्रियों को लिनेन सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। अब साफ-सुथरे बेड रोल सीधे आरा जंक्शन से कोच अटेंडेंट को उपलब्ध कराए जाएंगे।

    120 लोगों को मिल सकता है रोजगार

    लॉन्ड्री संचालन के लिए करीब 120 कर्मचारियों की तैनाती का प्रस्ताव है। इनमें कपड़ों की छंटाई, धुलाई, सुखाने, प्रेसिंग, पैकिंग और ट्रेनों तक बेड रोल पहुंचाने वाले कर्मचारी शामिल होंगे। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है।

    वाशिंग पिट एरिया में बनेगी नई सुविधा

    दानापुर रेल मंडल के वरीय वाणिज्य प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ के अनुसार, आरा जंक्शन के वाशिंग पिट क्षेत्र में आधुनिक लॉन्ड्री के लिए भवन निर्माण की तैयारी चल रही है।

    पांच करोड़ रुपये की इस परियोजना के शुरू होने के बाद प्रतिदिन 8 से 10 टन लिनेन की धुलाई संभव होगी, जिससे यात्रियों को समय पर स्वच्छ और बेहतर गुणवत्ता का लिनेन उपलब्ध कराया जा सकेगा।

    खबरें और भी